मुंबई (सं. भा.) रिश्तों, अस्वीकार और सहमति जैसे संवेदनशील विषयों को कहानी के केंद्र में रखने वाली फिल्म ‘पूजा मेरी जान’ अब रिलीज के लिए तैयार है। मृणाल ठाकुर, हुमा कुरैशी और विजय राज अभिनीत यह फिल्म अक्टूबर में दर्शकों के बीच पहुंचेगी। फिल्म का ट्रेलर कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है और कई सवालों के जवाब दर्शकों पर छोड़ देता है। फिल्म में मृणाल ठाकुर पूजा की भूमिका में हैं, जो अपने करीबी दोस्त के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा देती है। इसके बाद दोस्त के आत्महत्या करने से कहानी एक अप्रत्याशित मोड़ लेती है और पूजा को ही घटना के लिए जिम्मेदार ठहराने की कोशिश शुरू हो जाती है। इसके बाद सामने आने वाली घटनाएं कहानी को रहस्य और तनाव से जोड़ती हैं।
हुमा कुरैशी ने फिल्म में वकील सना का किरदार निभाया है। वह अलग-अलग बयानों और घटनाओं के बीच छिपी सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश करती हैं। फिल्म में चैतन्य वियास, विक्रम चौहान और राजेश जैस भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। नवजोत गुलाटी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले दिनेश विजन और अमर कौशिक ने किया है। फिल्म की घोषणा वर्ष 2022 में हुई थी, लेकिन रिलीज में करीब चार साल की देरी हुई। अब अक्टूबर में इसके सिनेमाघरों में पहुंचने की तैयारी है।
रिजेक्शन से रहस्य तक, अक्टूबर में आएगी ‘पूजा मेरी जान’
RELATED ARTICLES


