ठाणे (सं. भा.) : ठाणेकरों की इन दिनों बल्ले बल्ले है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने एकनाथ शिंदे ठाणे के ही रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद शिंदे ने ठाणेकारों को पहला गिफ्ट के तौर पर 50 एमएलडी अतिरिक्त पानी 1 अगस्त से देने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद एकनाथ शिंदे ने ठाणेकरों की पानी की समस्या को गंभीरता से लिया और उन्होंने ठाणे में अतिरिक्त जलापूर्ति करने का निर्देश दिया था। शहर में प्रतिदिन 485 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति की जाती है। दिनों दिन बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए यह पानी अपर्याप्त है। ठाणे मनपा प्रशासन की मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में मध्य वैतरणा बांध की ऊंचाई बढ़ाने से अधिक पानी का संचय होने और उसमें से 100 एमएलडी अतिरिक्त पानी ठाणे शहर को देने की मांग हुई थी। इस मांग के बाद मुख्यमंत्री शिंदे ने जल संसाधन विभाग को तत्काल यह पानी उपलब्ध कराने का आदेश दिया था। इसके अनुसार जल संसाधन विभाग ने अतिरिक्त 50 एमएलडी पानी देने की मंजूरी दे दी है। इससे ठाणे शहर में पानी की समस्या से जूझते लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


