मुंबई (सं. भा.)। क्रिकेट और बॉलीवुड की दो चर्चित हस्तियों के परिवारों को जोड़ने वाली एक खबर ने इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर और अभिनेता सनी देओल के बेटे राजवीर देओल की शादी की चर्चा इंटरनेट पर तेजी से फैल रही है। यहां तक दावा किया जाने लगा कि दोनों वर्ष 2027 में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि, इन चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। सारा के करीबी सूत्रों ने इस खबर को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए स्पष्ट किया है कि दोनों के बीच ऐसा कोई रिश्ता नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सारा के एक करीबी ने बताया कि सारा और राजवीर की अब तक मुलाकात तक नहीं हुई है। सारा फिलहाल सिंगल हैं और अपने काम पर ध्यान दे रही हैं। सूत्र ने इन खबरों को निराधार और परेशान करने वाला बताया। साथ ही कहा कि सारा अपनी निजी जिंदगी और परिवार को सुरक्षित रखने के लिए ऐसी अफवाहों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया देना पसंद नहीं करतीं।

दरअसल, सारा और राजवीर की शादी की चर्चा सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शुरू हुई थी। इसके बाद यह दावा दूसरे सोशल मीडिया मंचों पर भी फैल गया। कुछ पोस्ट में यह तक कहा गया कि राजवीर अभी सारा को महंगे उपहार भेज रहे हैं और दोनों के परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि करने वाला कोई तथ्य सामने नहीं आया है।
सारा तेंदुलकर कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में अपनी अरेंज मैरिज की बात कह कर चर्चा में आई थीं। उन्होंने अपने भाई अर्जुन तेंदुलकर की शादी को अपने लिए एक तरह का अनुभव बताते हुए कहा था कि इससे उन्हें समझ आया कि उनकी शादी में क्या जरूरी है और क्या नहीं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
सारा और राजवीर की शादी की खबरों को उनके करीबी सूत्र ने अफवाह बताकर खारिज कर दिया है। ऐसे में क्रिकेट और सिनेमा जगत के दो परिवारों के रिश्ते में जुड़ने की अटकलों पर फिलहाल कोई सच्चाई नजर नहीं आती।


