मुंबई (सं. भा.)। साहित्य और कविता के माध्यम से समाज, संस्कृति और जीवन की संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से स्वर संगम फाउंडेशन की साहित्यिक संवाद श्रृंखला ‘अपने लेखक/कवि से मिलिए’ के तहत युवा कवि एवं कथाकार फरीद खान का एकल काव्य पाठ आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने शहर के साहित्यकारों, रंगकर्मियों और संस्कृतिकर्मियों के बीच अपनी लगभग 20 से 25 चुनिंदा कविताओं का पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध कवि एवं नाटककार अनूप सेठी ने की।
फरीद खान ने अपनी कविताओं के पीछे की प्रेरणा और रचनात्मक प्रक्रिया पर भी विचार साझा किए। उन्होंने ‘बाघ’ श्रृंखला के साथ ‘अम्मा का चूल्हा’, ‘नानी का चश्मा’, ‘पटना की याद में’, ‘छठ में अर्घ्य’, ‘पिता की खोज में’, ‘गंगा मस्जिद’, ‘साइकिल वाले दादाजी’, ‘माफी’ और ‘अमरूद का पेड़’ जैसी रचनाओं का पाठ किया। उनकी कविताओं में बचपन की यादें, पारिवारिक रिश्ते, सामाजिक विसंगतियां और भारतीय संस्कृति की विविधता प्रमुख रूप से उभरकर सामने आई।

काव्य पाठ के बाद कवि शैलेश सिंह, बांग्ला साहित्यकार पुलक चक्रवर्ती, स्वर संगम फाउंडेशन के अध्यक्ष हृदयेश मयंक और फिल्मकार अविनाश दास ने फरीद की रचनाओं पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने उनकी कविताओं में सामाजिक-राजनीतिक चेतना, मानवीय संवेदना और सामासिक संस्कृति की सुंदर अभिव्यक्ति की सराहना की। वहीं, कवि की रचनाओं में मुंबई के संघर्ष और यहां के जीवन अनुभवों को भी स्थान देने की अपेक्षा जताई गई। अविनाश दास ने फरीद की साहित्यिक यात्रा और उनकी ईमानदार रचनात्मक सोच से जुड़े प्रसंग भी साझा किए।
अध्यक्षीय संबोधन में अनूप सेठी ने कहा कि फरीद की कविताओं में स्मृतियों और यथार्थ का गहरा संबंध दिखाई देता है। उनकी रचनाएं सामान्य जीवन के अनुभवों को कलात्मक संवेदना के साथ प्रस्तुत करती हैं और पाठक को अपनी जड़ों से जोड़ती हैं। कार्यक्रम का संचालन हिंदी-मराठी के रचनाकार संजय भिसे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शायर एवं पत्रकार राकेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर साहित्य, सिनेमा और रंगमंच से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे। चाय-नाश्ते के साथ साहित्यिक चर्चा के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।


