मुंबई (सं. भा.) छोटे से गांव की बड़ी-बड़ी कहानियों और अपने अनोखे किरदारों से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाली वेब सीरीज ‘पंचायत’ अब मनोरंजन का नया सफर शुरू करने जा रही है। ओटीटी पर सफलता के झंडे गाड़ने के बाद अब फुलेरा गांव की दुनिया सिनेमाघरों तक पहुंचने वाली है। सीरीज के पांचवें सीजन के ट्रेलर लॉन्च के दौरान मेकर्स ने ‘पंचायत’ पर फिल्म बनाने की घोषणा कर दी है। इस खबर के सामने आते ही सीरीज के प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया है।

‘पंचायत’ के अब तक चार सीजन दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुके हैं और पांचवें सीजन को लेकर भी काफी उत्सुकता है। इसी बीच फिल्म के ऐलान ने दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। खास बात यह है कि मेकर्स के मुताबिक फिल्म बनाने की योजना किसी दूसरी वेब सीरीज की सफलता से प्रभावित होकर नहीं बनाई गई है। यह विचार पहले सीजन से ही उनके मन में था और वे इस कहानी को बड़े पर्दे पर ले जाना चाहते थे।
ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान फिल्म को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय ने कहा कि हर कहानीकार की आखिरी मंजिल बड़े पर्दे तक पहुंचना होती है। सही समय और परिस्थितियां अनुकूल होने पर इस दिशा में काम किया जाएगा। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म की शूटिंग, रिलीज या संभावित तारीख को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।
गौरतलब है कि ‘मिर्जापुर’ की लोकप्रियता के बाद उस पर भी फिल्म बनाने की घोषणा की जा चुकी है। अब ‘पंचायत’ के फिल्मी सफर की तैयारी ने ओटीटी की दुनिया में एक नई चर्चा छेड़ दी है। ऐसे में दर्शकों को इंतजार है कि सचिव जी, प्रधान जी और फुलेरा गांव के बाकी किरदार बड़े पर्दे पर किस नए अंदाज में नजर आएंगे।


