भाजपा नेता के अतिक्रमण से मुंह मोड़ते भाजपा विधायक
मुंबई (सं. भा.) “हमारे पास कोई ऐसा वाशिंग मशीन नहीं है जिसमें नेताओं को डालते ही उनके सारे पाप धुल जाते हैं” अक्सर कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा भाजपा के नेताओं पर ऐसा कटाक्ष करते हुए सुना जाता है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं के इस कटाक्ष को चरितार्थ करते हुए कांदिवली पश्चिम के चारकोप विधानसभा में आने वाले चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट में भाजपा के स्थानीय नेता संजय राजेंद्र सिंह को देखा जा सकता है। संजय सिंह वैसे तो सिक्योरिटी एजेंसी चलाने का काम करते हैं और उसी की आड़ में इन्होंने चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट की मलकियत की जमीन जो गार्डन के लिए रिजर्व है, इसको अवैध रूप से हड़प लिया है। कांदिवली को- ऑपरेटिव इंडस्ट्रियल इस्टेट लिमिटेड मुंबई को आम बोल चाल की भाषा में चारकोप इंडस्ट्रियल एस्टेट बोला जाता है।


गौरतलब है कि चारकोप विधानसभा के अंतर्गत अथर्व कॉलेज के सामने वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा किए बैठे फर्नीचर की दुकानदारों से उस जमीन को चुटकी में मुक्त कर दिया गया। सरकारी जमीन को मुक्त कराने को लेकर भाजपा के सांसद और चारकोप विधानसभा के भाजपा विधायक योगेश सागर के बीच श्रेय लेने की होड़ लगी थी। बहरहाल उस जमीन पर अब वैदिक थीम पार्क बनाया जा रहा है। इसी चारकोप विधानसभा के अंतर्गत चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट आता है यहां के विधायक भाजपा के योगेश सागर हैं लेकिन अपने ही पार्टी के स्थानीय नेता द्वारा चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट में कब्जाए गए जमीन को खाली करने के लिए शायद ही किसी प्रकार की कोई दिलचस्पी दिखाने का प्रयत्न किया होगा।

चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट के पदाधिकारीयों से मिली जानकारी के अनुसार संजय सिंह शत्रुजीत इंटरप्राइजेज नामक सिक्योरिटी एजेंसी का मालिक है। चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट द्वारा उनके खाली पड़े भूखंड जिसका सी टी एस नंबर 417 है की सुरक्षा करने का जिम्मा संजय सिंह के शत्रुजीत इंटरप्राइजेज सिक्योरिटी एजेंसी को दिया था। अपने सिक्योरिटी एजेंसी के नाम पर सिंह हर महीने इंडस्ट्रियल इस्टेट को बिल देकर पैसे लिया करता था। इस दौरान इंडस्ट्रियल इस्टेट के तत्कालीन पदाधिकारीयों को झांसे में लेकर सिंह ने अपने सिक्योरिटी गार्डों को रहने और कपड़े बदलने के नाम पर उस प्लॉट पर एक झोपड़ा बना लिया। अब सिंह ने उस झोपड़ी पर अपना होने का दावा ठोक दिया है। इतना ही नहीं एन केन प्रकारेण सिंह ने उस झोपड़ी को अपना साबित करने के लिए कुछ सरकारी कागजात भी बना लिए हैं।
सिंह द्वारा किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट के पदाधिकारियों ने मनपा आर / साउथ वार्ड में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी नेताओं के दबाव के कारण मनपा ने आज तक कोई कार्रवाई संजय सिंह द्वारा बनाए गए अवैध झोपड़े के खिलाफ नही की गई है।

इस मामले को लेकर कांदिवली को- ऑपरेटिव इंडस्ट्रियल इस्टेट लिमिटेड मुंबई (चारकोप इंडस्ट्रियल इस्टेट) ने संजय सिंह के खिलाफ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। 7 अक्टूबर 2019 को हाईकोर्ट ने उक्त विवादित जगह पर यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। इसके बावजूद संजय सिंह वहां गैराज, एक छोटा सा होटल और छोटे-छोटे कारखाने बनाकर भाड़े पर चलाने के लिए दे दिया है। फिलहाल यह पूरा प्रकरण हाईकोर्ट में लंबित है।


