- मुंबईकरों में फैली नाराजगी
मुंबई(सं.भा.) महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव खत्म होते ही सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ गए। इन गैसों के दाम में अचानक हुई वृद्धि से ऑटो एवं टैक्सी चालक के अलावा आम मुंबईकर नाराज दिखाई पड़ रहे हैं । ऑटो – टैक्सी चालकों का कहना है कि इससे उनकी कमाई घटेगी, जिससे महंगाई के इस जमाने में उनके लिए जीना काफी मुश्किल हो जाएगा। ऑटो रिक्शा चालको का कहना है कि सीएनजी के दामों में वृद्धि के कारण ऑटो वालों को रोजाना नुकसान का सामन करना पड़ता है। इस बढ़ोतरी के कारण रिक्शा और टैक्सी चालकों के जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है। इसके साथ ही किराए में भी बढ़ोतरी की संभावना है। इससे सीधा असर यात्रियों पर पड़ेगा। बता दे की एमएमआर मे करीबी १० लाख सीएनजी वहन रजिस्टर्ड है। इसमें ४,००,००० ऑटो रिक्शा, ५,००,००० निजी कार,२४०० बस और ७०,००० टैक्सी शामिल है ।

इसी तरह पाइप लाइन के माध्यम से बिल्डिंगों के घरों में सप्लाई की जाने वाली खाना बनाने वाला पीएनजी के महंगा होने से गृहिणियां काफी परेशान है। कांदिवली निवासी अलका शुक्ला का कहना है कि महंगाई की मार झेल रही जनता को फिर बड़ा झटका लगा है । मुंबई और उसके आसपास पाइप लाइन के माध्यम से सप्लाई की जा रही है रसोई गैस के दाम में प्रति किलो दो रुपए का इजाफा हुआ है। इसके कारण किचन में खाना पकाना अब और महंगा हो गया है। विरार निवासी प्रियंका सिंह ने कहा कि एक तो गृहिणियां पहले से ही महंगाई से जूझ रही हैं। सब्जियों और दालों से लेकर सभी खाद्यान्न महंगे हो गए हैं। ऐसे में गृहिणियां कई तरह के हथकंडे अपनाते हुए किसी तरह महंगाई के इस दौर से घर चला रही हैं। लेकिन अब पीएनजी की दर में इजाफा होने से किचन चलाना भारी पड़ेगा।


