CM फडणवीस ने दिए गहरे समुद्र में विसर्जन के अध्ययन के निर्देश
पर्यावरण संरक्षण पर जोर
मुंबई (स भा): प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी बड़ी गणेश मूर्तियों के विसर्जन को लेकर महाराष्ट्र सरकार एक दीर्घकालिक और पर्यावरण के अनुकूल नीति बनाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक नई रिपोर्ट के आधार पर निर्देश दिया है कि बड़ी मूर्तियों के गहरे समुद्र में विसर्जन की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए और इसी आधार पर कोर्ट में राज्य का पक्ष रखा जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि इस नीति को बनाते समय परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का पूरा आदर किया जाए।
सह्याद्री अतिथिगृह में पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री फडणवीस ने की। गौरतलब है कि पीओपी गणेश मूर्तियों के विसर्जन को लेकर कोर्ट द्वारा कुछ निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के आधार पर राज्य सरकार ने राजीव गांधी विज्ञान व तकनीकी आयोग से रिपोर्ट मांगी थी। आयोग के अध्यक्ष डॉ. अनिल काकोडकर ने यह रिपोर्ट सरकार को सौंपी है, जिसमें कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सार्वजनिक गणेश विसर्जन के बाद समुद्र तटों की सफाई को लेकर ठोस उपाय किए जाएं। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि मूर्ति निर्माण के दौरान पर्यावरण के अनुकूल सामग्री और प्राकृतिक रंगों का ही प्रयोग किया जाए, जिससे प्रदूषण को कम किया जा सके। डॉ. काकोडकर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि जल प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए गणेश मूर्तियों का निर्माण पर्यावरण अनुकूल तरीके से होना चाहिए, क्योंकि रासायनिक रंगों के कारण प्रदूषण बढ़ता है।
बैठक में मौजूद सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने सुझाव दिया कि सार्वजनिक गणेशोत्सव को परंपरा के अनुसार ही मनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऊंची और बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए पर्यावरण अनुकूल विकल्प तैयार किए जाएं, जबकि छोटी मूर्तियों का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में किया जा सकता है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास है।


