12,400 पेड़ों की कटाई के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
भाईंदर(स भा): भाईंदर के डोंगरी गांव में प्रस्तावित मेट्रो कारशेड के निर्माण के लिए करीब 12,400 वृक्षों की कटाई के विरोध में शहरवासियों ने रविवार को मानव श्रृंखला बनाकर मूक प्रदर्शन किया। स्थानीय रहवासियों, डॉक्टरों, वकीलों, पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के साथ-साथ पाली, डोंगरी, उत्तन, चौक आदि गांवों के नागरिकों ने इस कारशेड को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों से की है। भारी बरसात के बावजूद लोग अपने हाथों में काले झंडे और पेड़ों को बचाने के बैनर लेकर खड़े थे, जिसमें शहर के सभी राजनीतिक दलों के नेता और प्रतिष्ठित व्यक्ति भी शामिल थे।
डोंगरी में 70 हेक्टेयर भूमि का विवाद
यह विवाद तब और गहरा गया है जब यह सामने आया है कि भाईंदर में मेट्रो कारशेड के लिए सर्वप्रथम एमएमआरडीए ने मीरा-भाईंदर मनपा से 18 हेक्टेयर भूमि की मांग की थी, जिसके बाद क्रमशः 24.54 हेक्टेयर, 27.70 हेक्टेयर और 32 हेक्टेयर भूमि की मांग का उल्लेख किया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि अंततः डोंगरी में 70 हेक्टेयर भूमि मेट्रो कारशेड के लिए आरक्षित कर दी गई है।
पर्यावरण प्रेमियों द्वारा यह सवाल उठाया जा रहा है कि जब दिल्ली में विनोद नगर मेट्रो कारशेड शहर के बीचों-बीच और आवासीय परिसर में मात्र 1.84 हेक्टेयर भूमि पर बनाया जा रहा है, तो भाईंदर के डोंगरी में इतनी बड़ी भूमि की आवश्यकता क्यों है?
प्राकृतिक पहाड़ पर कारशेड का खतरा
डोंगरी में प्रस्तावित कारशेड एक प्राकृतिक पहाड़ पर बनाया जाना है। यह पहाड़ बहुत बड़ा है और समतल भूमि नहीं है, बल्कि यहां गहरी घाटियां हैं। मानसून के दौरान इस पहाड़ में प्राकृतिक नदियां, झरने और नाले बहते हैं। जब डोंगरी ग्राम पंचायत थी, तब पानी के लिए एक छोटा बांध भी बनाया गया था।
इस पहाड़ का पानी क्षेत्र की कई झीलों में एकत्र होता है और यह वर्षा जल कुओं, बोरहोल तथा साल भर की सिंचाई के लिए एक पर्याप्त और सुलभ साधन है। यहां की कृषि, बागवानी और नागरिक इसी पर निर्भर हैं। पहाड़ पर कारशेड बनने से न केवल वर्षा जल का बहना बंद हो जाएगा, बल्कि प्राकृतिक नदियां, झरने और नाले भी बंद हो जाएंगे, जिससे क्षेत्र का भूजल स्तर तेजी से घटेगा। इससे कृषि और बागवानी नष्ट हो जाएगी, लोगों की आजीविका बाधित होगी और भीषण जल संकट का सामना करना पड़ेगा, जिसका प्रतिकूल असर पर्यावरण पर भी पड़ेगा।


