spot_img
Homeआर्टिकलवित्तीय व्यवस्था पर घातक बैंकिंग फ्रॉड

वित्तीय व्यवस्था पर घातक बैंकिंग फ्रॉड

देश में बैंकिंग धोखाधड़ी का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में धोखाधड़ी की रकम 12,230 करोड़ रुपये थी, जो 2024-25 में करीब तीन गुना बढ़कर 36,014 करोड़ रुपये हो गई। इसमें सरकारी बैंकों में हुई धोखाधड़ी की राशि 25,667 करोड़ रुपये और निजी क्षेत्र के बैंकों में हुई धोखाधड़ी की राशि 10,088 करोड़ रुपये थी। आरबीआइ के अनुसार इस वृद्धि का एक बड़ा कारण 2023 में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए 122 पुराने मामलों को जोड़ना है। हालांकि इससे बैंकों से गायब हुए 36,014 करोड़ रुपये की समस्या कम नहीं हो जाती। बैंकिंग धोखाधड़ी का प्रभाव वित्तीय नुकसान तक सीमित नहीं होता है। ये बैंकों में जनता के विश्वास को भी कम करते हैं।


2016 में नए नोटों को प्रिंट करने के साथ आरबीआइ ने दावा किया था कि इनमें जो सुरक्षा के उपाय किए गए हैं, उनकी नकल करना काफी मुश्किल है। 2024-25 में बैंकिंग सेक्टर में पकड़े गए नकली नोटों की संख्या में 200 और 500 रुपये की श्रेणी में क्रमशः 14 प्रतिशत और 37 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। सरकार और रिजर्व बैंक इसे रोकने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे नोटों की सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं, वैसे-वैसे उनकी नकल करने की तकनीक भी विकसित हो रही है।जिससे आम आदमी के लिए नकली और असली नोटों के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने पाया है कि इन नकली नोटों को भारत भेजने के लिए नेपाल और पाकिस्तान के, मार्ग का उपयोग किया जा रहा है। ये नोट पाकिस्तान में छापे जाते हैं। बाजार में नकली करेंसी आने से मौजूद धन की मात्रा में वृद्धि हो जाती है, जो बाजार में मुद्रास्फीति को बढ़ाती है और माल एवं सेवाओं की भारी मांग उत्पन्न करती है। इसके अतिरिक्त ऐसे नकली नोटों का उपयोग आतंकवादियों द्वारा भारत के खिलाफ किया जा रहा है।जाली नोट अर्थव्यवस्था के लिए घातक होते हैं। आरबीआइ और सरकार के लिए यह एक बड़ी चुनौती है।


बैंकों में दर्ज फ्राड की संख्या में डेबिट-क्रेडिट कार्ड/इंटरनेट बैंकिंग से संबंधित धोखाधड़ी का सबसे बड़ा हिस्सा है। वहीं सरकारी बैंकों में धोखाधड़ी मुख्य रूप से लोन सेगमेंट में है, जिसमें कई स्तरों पर मिलीभगत शामिल होती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लोन से संबंधित धोखाधड़ी संख्या के हिसाब से 33 प्रतिशत से अधिक मामलों और वैल्यू के हिसाब से 92 प्रतिशत से अधिक मामलों के लिए जिम्मेदार है। बड़ी बात यह है कि रिपोर्ट किए गए मामले एक लाख रुपये और उससे अधिक की धोखाधड़ी के लिए हैं।भारत में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआइ) की लोकप्रियता के कारण छोटे-छोटे आनलाइन लेनदेन बहुत होते हैं। यूपीआइ आज देश में तीन लाख करोड़ डालर से अधिक का सालाना कारोबार संभाल रहा है। आम ग्राहकों के लिए भी खतरा बढ़ रहा है, क्योंकि 50 प्रतिशत से अधिक फ्राड डिजिटल या कार्ड आधारित लेनदेन में हो रहे हैं। आज के समय में फिशिंग अटैक से लेकर सिम कार्ड क्लोनिंग जैसे हाईटेक तरीकों तक, ठग हर तरह की चाल चल रहे हैं। फिशिंग अटैक एक प्रकार का साइबर हमला है जिसमें हैकर्स लोगों को धोखा देकर उनकी निजी जानकारी जैसे कि क्रेडिट कार्ड नंबर, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड चुराने की कोशिश करते हैं।
आरबीआइ ने ‘म्यूलहंटर’ नामक एक एआइ टूल पेश किया है, जो संदिग्ध लेनदेन को पकड़ने की कोशिश करता है। इसके अलावा डिजिटल पेमेंट के लिए एक इंटेलिजेंस प्लेटफार्म का प्रोटोटाइप भी बनाया जा रहा है। भारत के मनी लांड्रिंग कानून बैंकों को तुरंत एक्शन लेने में सक्षम नहीं बना पा रहे हैं। डेलायट रिसर्च एजेंसी के अनुसार देश में 2026 तक 100 करोड़ लोग स्मार्टफोन का उपयोग करेंगे। निकट भविष्य में डिजिटल बैंकिंग अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करेगी। फिनटेक भारतीय बैंकिंग और भुगतान प्रणाली के लिए आगे का रास्ता है। बस आवश्यकता है इसे सुगम और सुरक्षित बनाने की। समय् के साथ पेमेंट इंडस्ट्री को मजबूत और टिकाऊ बनाना होगा। कर्मचारियों के साथ ही ग्राहकों का साइबर जागरूक होना आवश्यक है। अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और इजरायल जैसे कुछ देशों ने साइबर जागरूकता को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया है। हमें भी इस दिशा में सोचने की आवश्यकता है।
नन्दिनी रस्तोगी ‘नेहा मेरठ

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com