मुंबई (सं.भा.): लगातार काम और व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बाद अभिनेत्री श्वेता तिवारी इन दिनों खुद के लिए समय निकालती नजर आ रही हैं। वह इन दिनों स्पेन के खूबसूरत शहर मार्बेला में छुट्टियां मना रही हैं, जहां वह शांत माहौल और समुद्र किनारे के नजारों का लुत्फ उठा रही हैं।
श्वेता ने अपनी इस यात्रा की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिनमें वह बिना किसी जल्दबाजी के शहर की गलियों में घूमती और स्थानीय जीवनशैली को करीब से महसूस करती दिख रही हैं। कुछ तस्वीरों में वह ठंडी मिठाइयों का स्वाद लेती नजर आ रही हैं, तो कुछ में समंदर किनारे के सुकून भरे पलों को एंजॉय कर रही हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक सकारात्मक संदेश भी साझा किया, जिससे साफ झलकता है कि वह इस समय पूरी तरह रिलैक्स मोड में हैं।टीवी से लेकर फिल्मों तक अपनी मजबूत पहचान बना चुकी श्वेता तिवारी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत दो दशक से भी पहले की थी। उन्हें सबसे बड़ी लोकप्रियता टेलीविजन धारावाहिक ‘कसौटी जिंदगी की’ से मिली, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।
इसके बाद उन्होंने विभिन्न भाषाओं की फिल्मों और कई चर्चित टीवी शोज में काम किया। ‘बिग बॉस सीजन 4’ की विजेता बनने के बाद उनकी फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ। हाल के दिनों में वह वेब सीरीज और फिल्मों में भी सक्रिय नजर आईं, जिससे यह साफ है कि अभिनय के साथ-साथ वह अपने निजी जीवन में संतुलन बनाए रखने पर भी ध्यान दे रही हैं।


