- विधायक स्नेहा दुबे ने सरकार से मांगा समाधान
वसई (सं.भा.): पानी जैसी बुनियादी जरूरत को लेकर वसई-विरार में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। वर्षों से जल संकट झेल रहे हजारों परिवारों के सामने अब नए नियमों के कारण पानी कनेक्शन का संकट खड़ा हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर बजट सत्र के दौरान मामला विधानसभा में गूंजा। स्नेहा दुबे पंडित ने सदन में वसई-विरार की जलापूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 में वसई विरार महानगरपालिका के गठन के समय शामिल 53 गांवों के हजारों मकानों को अब तक कम्प्लीशन/ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट (सीसीओसी) नहीं मिल पाया है। इनमें कई घर ग्राम पंचायत की अनुमति से बने थे, जबकि कुछ मकान सौ वर्ष से भी अधिक पुराने हैं। विधायक ने सदन को अवगत कराया कि 17 दिसंबर 2024 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के अनुसार केवल सीसीओसी धारक इमारतों को ही नियमित पानी कनेक्शन दिया जा सकता है। ऐसे में अमृत योजना 2.0 के तहत प्रस्तावित नई जलापूर्ति से हजारों परिवार वंचित रह सकते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि ग्राम पंचायत काल में बने मकानों को विशेष नीति के तहत वैधता प्रदान कर स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं, ताकि नागरिकों को तत्काल पानी कनेक्शन मिल सके। उनका कहना था कि लोग वर्षों से पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर हैं और अब तकनीकी नियमों के चलते उन्हें राहत से वंचित करना न्यायसंगत नहीं होगा। विधानसभा में उठे इस मुद्दे के बाद अब नजर राज्य सरकार के रुख पर है कि वसई-विरार के जल संकट के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।


