spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमहिला दिवस पर विरार में ‘पिंक मैराथन’, 14 से 75 वर्ष तक...

महिला दिवस पर विरार में ‘पिंक मैराथन’, 14 से 75 वर्ष तक की महिलाओं ने लगाई दौड़

विरार (सं.भा.): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विरार में महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य पिंक मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में 14 वर्ष की युवतियों से लेकर 75 वर्ष तक की बुजुर्ग महिलाओं और दिव्यांग महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज में महिलाओं की भागीदारी और आत्मविश्वास का मजबूत संदेश दिया। इस मैराथन का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ विरार की ओर से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रथम पूर्व महापौर राजीव पाटील ने हरी झंडी दिखाकर की। जैसे ही मैराथन को हरी झंडी दिखाई गई, बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ में शामिल हो गईं। मैराथन में अलग-अलग आयु वर्ग की महिलाओं ने भाग लिया, जिसमें किशोरियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। विशेष बात यह रही कि दिव्यांग महिलाओं ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ इस दौड़ में हिस्सा लिया और समाज को यह संदेश दिया कि हौसला और संकल्प के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने गुलाबी रंग की टी-शर्ट पहनकर इस दौड़ में भाग लिया, जिससे पूरा माहौल महिला दिवस के उत्सव जैसा नजर आया। आयोजकों ने बताया कि इस पिंक मैराथन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, उन्हें नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना और समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश फैलाना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com