नालासोपारा (सं.भा.): महाराष्ट्र सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक पर सख्त प्रतिबंध लागू किया गया है, इसके बावजूद कई जगहों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक का अवैध भंडारण और कारोबार जारी है। इसी क्रम में वसई विरार शहर महानगरपालिका ने नालासोपारा पूर्व के अचोले क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 1200 किलो प्लास्टिक सामग्री जब्त की है, जिसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महानगरपालिका को गुप्त सूचना मिली थी कि अचोले क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर सहायक आयुक्त महेश पाटील के नेतृत्व में टीम ने अचोले स्थित अनमोल बेकरी के पास एक टेम्पो को रोककर उसकी जांच की। जांच के दौरान टेम्पो में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री पाई गई। अधिकारियों ने वाहन से करीब 600 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक और 600 किलो पीपी बैग बरामद किए। महानगरपालिका की टीम ने पूरी सामग्री जब्त करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। महानगरपालिका अधिकारियों के अनुसार प्लास्टिक प्रतिबंध का उल्लंघन करने के मामले में संबंधित व्यक्ति पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि शहर में प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधित प्लास्टिक का जखीरा, महानगरपालिका ने किया जब्त
RELATED ARTICLES


