spot_img
Homeमुंबईचारकोप में एक रात में 27 गैस सिलेंडर चोरी, सप्लाई सिस्टम पर...

चारकोप में एक रात में 27 गैस सिलेंडर चोरी, सप्लाई सिस्टम पर उठे सवाल

मुंबई (सं. भा.): मुंबई में गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ती परेशानियों के बीच अब चोरी और कालाबाजारी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। प्रशासन भले ही किल्लत से इनकार कर रहा हो, लेकिन जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबी कतारें, देर से डिलिवरी और अब सिलेंडर चोरी की घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं।

इसी कड़ी में कांदिवली पश्चिम के चारकोप इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 25-26 मार्च की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने एक डिलिवरी टेंपो का ताला तोड़कर उसमें रखे कुल 27 गैस सिलेंडर पार कर दिए। इनमें 5 भरे हुए और 22 खाली सिलेंडर शामिल थे।
पीड़ित डिलिवरी एजेंट नंदकुमार रामराज सोनी, जो ‘श्रीजी गैस सर्विस’ में कार्यरत हैं, ने बताया कि उन्होंने रात करीब 11 बजे टेंपो खड़ा किया था। सुबह लौटने पर गाड़ी का ताला टूटा मिला और सभी सिलेंडर गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।


वहीं, इस घटना ने गैस एजेंसियों और सप्लाई सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके नाम पर सिलेंडर की डिलिवरी दिखा दी जाती है, लेकिन वास्तव में उन्हें सिलेंडर नहीं मिलता। चारकोप निवासी प्रमोद पाल ने बताया कि उन्होंने सिलेंडर बुक किया था, डिलिवरी का मैसेज भी मिला, लेकिन 5 दिन बाद तक सिलेंडर उनके घर नहीं पहुंचा।


इसके अलावा स्थानीय स्तर पर कुछ सप्लायर्स की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में इमरान नामक एक व्यक्ति पर आरोप लगाया जा रहा है कि वह कुछ सप्लायर्स के साथ मिलकर घरेलू गैस सिलेंडरों को होटलों में सप्लाई कर रहा है और उन्हें ऊंचे दामों पर ब्लैक में बेच रहा है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो बड़े स्तर पर कालाबाजारी के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com