spot_img
Homeसंपादकीयकल हो ना हो

कल हो ना हो

कल की चिंता में आज लोग मरे जा रहे हैं। घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल के लिए लाइन में खड़े लोगों में धैर्य नहीं है। कल के लिए लोग अपना आज खराब कर रहे हैं। जबकि हालात इतने जटिल नहीं हैं। गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की भरपूर मात्रा देश में होने का सरकार दावा कर रही है और लोगों से पैनिक न होने की अपील भी। मगर लोगों में संवेदनशीलता और धैर्य की कमी साफ नजर आ रही है। पश्चिम एशिया में चल रही लड़ाई का असर अब भारत पर भी पड़ा है। मगर उतना नहीं जितना लोग समझ रहे हैं। खाड़ी देश कतर भारत में एलएनजी का सबसे बड़ा सप्लायर है। लेकिन होर्मुज की खाड़ी से जहाजों की आवाजाही बंद होने और कतर के ठिकानों पर हमलों के चलते भारत में गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत समेत करीब 25 देशों में एलपीजी और गैस सप्लाई प्रभावित हुई है। कई देशों में गैस संकट की वजह से होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर में हड़कंप मच गया है और कुछ जगहों पर लॉकडाउन जैसे हालात बन गए हैं। होर्मुज की खाड़ी में युद्ध के चलते जहाजों का रास्ता रुक गया है, जिससे वियतनाम और ब्राजील जैसे देशों में लॉकडाउन जैसे हालात बन गए हैं। भारत में भी होटल और रेस्टोरेंट मालिकों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य जो कि ईरान-इजरायल-अमेरिका की लड़ाई का एक तरह से एपिसेंटर बन गया है, जिसके कारण इस मार्ग से कच्चे तेल की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह से बाधित हो गई है। भारत में एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से अचानक कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक हो रहे हैं। गैस की किल्लत के कारण उन्होंने अचानक चीजों के दाम महंगे करने शुरु कर दिए हैं। कुछ जगहों पर स्नैक्स, टी-कॉफी के दाम डबल रेट में बेचे जा रहे हैं। कुछ ढाबों और रेस्टोरेंट ने तो चूल्हे पर खाना बनाना शुरु कर दिया है। भारत के कई शहरों में एलपीजी गैस की किल्लत की वजह से गैस एजेंसियों पर ग्राहकों की कतार लगी हैं और ठेले-रेस्तरां पर ताले लटक रहे हैं। भीषण जंग के कारण पूरी दुनिया में ब्लैकआउट का खतरा मंडरा रहा है। वियतनाम से लेकर यूरोप तक, देशों ने वर्क फ्रॉम होम और पेट्रोल का कोटा फिक्स कर दिया है। ऊर्जा त्रासदी के कारण कई देशों में बिजली संकट, पेट्रोल-डीजल की कमी और आपातकाल जैसे हालात बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया में गेहूं की बुवाई ईरान युद्ध से प्रभावित है। किसान परेशान हैं क्योंकि खाद की कीमतें बढ़ी हैं। अमेरिका ने खाद के निर्यात के लिए वेनेजुएला से प्रतिबंध हटाए हैं लेकिन खेती पर संकट बरकरार है। दक्षिण कोरिया अपने लोगों से कम समय तक नहाने की अपील कर रहा है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने छोटी आस्तीन वाली शर्ट पहनना शुरू किया है। उन्होने सभी से ऐसा करने की अपील की है। उन्होंने सरकारी दफ्तरों से ऊर्जा बचाने के लिए एयर कंडीशनर का इस्तेमाल घटाने को कहा है। ऊर्जा बचाने के लिए फिलीपींस ने सरकारी कर्मचारियों से लिफ्ट का इस्तेमाल नहीं करने को कहा। यहां तक कि मिस्र ने हफ्ते में पांच दिन खरीदारी के घंटे कम कर दिए हैं। बांग्लादेश के हवाई अड्डों पर कपड़ों के ढेर हैं। उड़ानें रद्द होने की वजह से कपड़ों का निर्यात बाधित है। कैंसर की दवाएं तक दुनिया के एक बड़े हिस्से में समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं। दुबई और दोहा जैसे कार्गो हब में बंद होने की वजह से इन दवाओं पर संकट आ गया है, जिन्हें ठंडा रखना जरूरी है। ईरान के मिसाइल हमलों के चलते बहरीन और सऊदी अरब में होने वाली फॉर्मूला-1 रेस रद्द कर दी गई है। यानी खेलों पर भी इस युद्ध का सीधा असर है। युद्ध के चलते मनोरंजन जगत पर भी असर हो रहा है। शकीरा, क्रिस्टीना एगुइलेरा और अन्य कलाकारों ने सुरक्षा चिंताओं की वजह से इपने कॉन्सर्ट टाल दिए हैं। दुबई और खाड़ी के दूसरे शहरों में ये कार्यक्रम होने थे। अमेरिका में घर खरीदना और महंगा हो गया है। दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक देश ब्राजील में चीनी मिलों पर ऊर्जा की बढ़ी कीमतों का असर है। सोने की कीमतों में गिरावट आई है। सोने की कीमतें कई वजहों से गिर रही हैं। इनमें सट्टेबाज निवेशकों की ओर से सोने में किया गया निवेश निकालना भी शामिल है। आवागमन कम करने और ईंधन बचाने के लिए श्रीलंका ने बुधवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। लाओस ने स्कूलों के लिए 3-दिन का शेड्यूल अपनाया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com