spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईनाले पर कब्जा कर धंधा, प्रशासन की सख्ती के बाद एफआईआर दर्ज

नाले पर कब्जा कर धंधा, प्रशासन की सख्ती के बाद एफआईआर दर्ज

नालासोपारा ( सं. भा.): मुंबई के पड़ोस के शहर नालासोपारा में गंदगी और अवैध धंधे का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्राकृतिक नाले का प्रवाह रोककर गंदा पानी जमा किया गया और उसी पर घास उगाकर बेचने का खेल चल रहा था। इस गैरकानूनी गतिविधि से इलाके में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया था, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नालासोपारा पश्चिम के शनि मंदिर, म्हाडा रोड इलाके में कुछ लोगों द्वारा नाले में मिट्टी डालकर उसका पानी रोक दिया गया था। जमा गंदे पानी के ऊपर घास उगाकर उसे बेचने का काम किया जा रहा था, जिससे न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान हो रहा था बल्कि स्थानीय लोगों की सेहत भी खतरे में पड़ गई थी।
इस मुद्दे को वसई-विरार महानगरपालिका के विरोधी पक्ष नेता मनोज पाटील ने जोरदार तरीके से उठाया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। जांच के दौरान वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक अविनाश गुंजाळकर की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा किया।
प्रशासन की ओर से पहले नोटिस जारी कर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आरोपियों ने अनदेखी की। इसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए संदीप चव्हाण, प्रकाश एकांबी, सुरेश एकांबी, नागेश मणी, माणिक कोरी, सचिन मोरे और संजय सिंग के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 271, 272, 3(5) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 117 के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई के बाद इलाके में राहत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com