- दो युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा
पनवेल, (सं. भा.): पनवेल इलाके में जमीन देखने गए दो दोस्तों के साथ हुई मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब दबंगों ने दोनों युवकों को न सिर्फ पीटा बल्कि पेड़ से बांधकर बंधक भी बना लिया।
तलोजा क्षेत्र के मजकूर इलाके में रहने वाले सत्यजीत कोली अपने मित्र पुरुषोत्तम म्हात्रे के साथ एक भूखंड देखने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों तालाब के पास खड़े होकर जमीन की तस्वीरें ले रहे थे, तभी वे अनजाने में पास के खेत की सीमा में प्रवेश कर गए।
इसी दौरान खेत में काम कर रहे विनायक पाटील ने उन्हें रोकते हुए फोटो हटाने को कहा। बात बढ़ने पर विनायक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद संतोष पाटील, राहुल पाटील और एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना यहीं नहीं रुकी—हमलावरों ने दोनों को पेड़ से बांधकर बंधक बना लिया और सरेआम पिटाई की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बाद में किसी तरह दोनों को छुड़ाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद तलोजा पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।


