spot_img
Homeठाणे/पालघरपालघर में कथित गोवंश काटने का खुलासा, 200 किलो मांस बरामद; तीन...

पालघर में कथित गोवंश काटने का खुलासा, 200 किलो मांस बरामद; तीन गिरफ्तार

पालघर (सं.भा.) महाराष्ट्र के पालघर जिले में कथित गोवंश काटने और मांस की तस्करी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चहाड़े गांव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ईको कार से करीब 200 किलो संदिग्ध गोमांस बरामद किया। मौके से एक कार और दोपहिया वाहन समेत कुछ संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात चहाड़े गांव में कथित तौर पर गोवंश की कटाई कर मांस को बाहर ले जाने की सूचना बजरंग दल और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को मिली थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने इलाके में निगरानी शुरू की। रविवार तड़के करीब डेढ़ बजे एक ईको कार संदिग्ध हालत में गांव से निकलती दिखाई दी। कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा किया।

कार सवारों को पीछा किए जाने का पता चला तो उन्होंने मासवण गांव के दहिसर फाटा इलाके में वाहन छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। वहीं, एक संदिग्ध दोपहिया वाहन का पीछा करने पर गोवाड़े घाट के पास दो लोग बाइक छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। वाहन की तलाशी में पशुओं को बेहोश करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इंजेक्शन और सुइयां मिलने की बात सामने आई है।

सूचना मिलने पर डायल-112 के माध्यम से पालघर पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ईको कार की तलाशी ली और उसमें मिला करीब 200 किलो संदिग्ध मांस जब्त किया। मांस के नमूने जांच के लिए पशु चिकित्सा अधिकारियों के पास भेजे गए हैं, ताकि उसकी पुष्टि की जा सके।

पुलिस ने चहाड़े गांव में संजय उर्फ पिंट्या पाटील के खेत स्थित घर के आसपास भी जांच की, जहां कथित तौर पर गोवंश के अवशेष मिले। प्राथमिक जांच में चार गोवंशों की कथित रूप से कटाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

इस मामले में पुलिस ने संजय पाटील के अलावा बांद्रा झोपड़पट्टी क्षेत्र के अकबर सय्यद खान और अमन अब्दुल शेख को गिरफ्तार किया है। फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अब बरामद मांस की जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com