मुंबई। (सं. भा.) शहर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 अपराधियों को दो साल के लिए तड़ीपार किया है। उत्तर प्रादेशिक विभाग के परिमंडल-3 की इस कार्रवाई से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।
पुलिस के अनुसार, तड़ीपार किए गए आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने, हफ्ता वसूली, जबरन वसूली, हथियारों के बल पर लूटपाट और मादक पदार्थों की बिक्री जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि इनकी गतिविधियों के कारण स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ था। इसी को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों के खिलाफ तड़ीपारी के आदेश जारी किए गए।
इस कार्रवाई के तहत वनराई पुलिस स्टेशन की सीमा से संबंधित शहाबुद्दीन धोबी, कुरार पुलिस स्टेशन की सीमा से संबंधित सुभाष मोतीलाल पटेल, समता नगर पुलिस स्टेशन की सीमा से संबंधित योगेश बाबूराव वाघमारे और दहिसर पुलिस स्टेशन की सीमा से संबंधित सुरेश विजय माला उर्फ नेपाल्या समेत अन्य आरोपियों को दो साल के लिए तड़ीपार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, तड़ीपारी के आदेश का उल्लंघन कर मुंबई में प्रवेश करने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कदम का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


