मुंबई (सं.भा.) पश्चिमी उपनगर में पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के लिए बोरीवली पूर्व रेलवे स्टेशन से संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (SGNP) के मुख्य प्रवेश द्वार तक स्काइवॉक का विस्तार किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से रेलवे स्टेशन और नेशनल पार्क के बीच आने-जाने वाले लोगों को व्यस्त सड़क पार करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। शनिवार को स्थानीय विधायक प्रकाश सुर्वे और पूर्व नगरसेवक भास्कर खुरसंगे की उपस्थिति में परियोजना का भूमिपूजन किया गया।
करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्काइवॉक का निर्माण अगले साल अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस विस्तार की मांग को लेकर शिंदे सेना की नगरसेविका डॉ. अदिति भास्कर खुरसंगे ने बीएमसी के प्रमुख अभियंता (पुल) को पत्र लिखकर मौजूदा स्काइवॉक को संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के मुख्य प्रवेश द्वार तक जोड़ने का प्रस्ताव रखा था।
डॉ. खुरसंगे ने कहा कि संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान मुंबई के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय नागरिक पहुंचते हैं। वहीं, विधायक प्रकाश सुर्वे ने बताया कि पश्चिम एक्सप्रेस हाईवे पर वाहनों की आवाजाही लगातार अधिक रहती है। ऐसे में सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों को दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्काइवॉक का विस्तार होने से लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और यातायात व्यवस्था पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।


