spot_img
Homeमहाराष्ट्रकॉलेजों की गलती की सजा नहीं भुगतेंगे विद्यार्थी, 12वीं में मिलेगा नियमित...

कॉलेजों की गलती की सजा नहीं भुगतेंगे विद्यार्थी, 12वीं में मिलेगा नियमित प्रवेश

मुंबई (सं.भा.) स्कूलों और जूनियर कॉलेजों की लापरवाही का खामियाजा अब विद्यार्थियों को नहीं भुगतना पड़ेगा। 11वीं में ऑफलाइन तरीके से प्रवेश लेने के कारण शैक्षणिक प्रक्रिया से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे महाराष्ट्र के 21 हजार 730 विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। अब इन सभी विद्यार्थियों को शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में 12वीं कक्षा में ऑनलाइन प्रवेश देकर नियमित किया जाएगा। साथ ही उन्हें महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं की परीक्षा में बैठने का अवसर भी मिलेगा।

माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी संबंधित स्कूलों और कनिष्ठ महाविद्यालयों को सात दिनों के भीतर प्रवेश नियमित करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। शिक्षा निदेशक डॉ. महेश पालकर की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में पूरी प्रक्रिया संपन्न कर इसकी रिपोर्ट निदेशालय को सौंपनी होगी।

इस मामले में ऑफलाइन प्रवेश देने वाले 1,346 स्कूलों और जूनियर कॉलेजों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। संबंधित संस्थानों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। विद्यार्थियों को निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के बजाय ऑफलाइन प्रवेश देने के लिए मुख्याध्यापकों और प्राचार्यों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। जांच में लापरवाही साबित होने पर वेतनवृद्धि रोकने से लेकर पदावनति तक की विभागीय कार्रवाई हो सकती है। दोषियों पर कार्रवाई नहीं करने वाले संस्थान संचालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।

जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पालघर में सबसे अधिक 3 हजार विद्यार्थियों को ऑफलाइन प्रवेश दिया गया था। ठाणे में 2,436, मुंबई शहर और उपनगर में 1,143 तथा रायगढ़ में 615 विद्यार्थी इस समस्या से प्रभावित हुए हैं। शिक्षा निदेशालय के फैसले से इन विद्यार्थियों सहित राज्यभर के हजारों छात्रों को राहत मिलेगी।

वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर आर्थिक दंड भी लगाया गया है। ऑफलाइन प्रवेश देने वाले प्रत्येक संस्थान से प्रति विद्यार्थी 5 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। यह राशि संबंधित स्कूल या जूनियर कॉलेज को अपने स्तर पर भरनी होगी। विद्यार्थियों से किसी भी परिस्थिति में जुर्माना वसूलने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई संस्थान छात्रों से यह रकम मांगता या वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com