spot_img
Homeफिल्मी खबरेंगवाही से नदारद रहीं नोरा फतेही, अदालत ने जारी किया नया समन

गवाही से नदारद रहीं नोरा फतेही, अदालत ने जारी किया नया समन

नई दिल्ली (सं.भा.) बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही को 200 करोड़ रुपये की रंगदारी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सुकेश चंद्रशेखर मामले में अदालत की नाराजगी का सामना करना पड़ा। सरकारी गवाह के रूप में गवाही देने के लिए समन जारी होने के बावजूद सोमवार को अदालत में उपस्थित नहीं होने पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनके रवैये पर सवाल उठाते हुए कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने स्पष्ट कहा कि न्यायालय की कार्यवाही को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
विशेष न्यायाधीश गगनदीप सिंह की अदालत ने नोरा फतेही को 6 नवंबर को गवाही के लिए उपस्थित होने का नया समन जारी किया है। इससे पहले उन्हें 2 नवंबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्धारित तारीख पर वह नहीं पहुंचीं। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने बताया कि नोरा को बुलाया गया था, हालांकि उनकी ओर से उपस्थित होने की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली थी।
नोरा फतेही की ओर से उनके वकील अदालत में पहुंचे और व्यक्तिगत पेशी से छूट देने के लिए अर्जी दाखिल की। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नोरा इस मामले में गवाह हैं और उन्हें खुद अदालत में उपस्थित होना चाहिए था। न्यायाधीश ने उनके व्यवहार को उचित नहीं बताते हुए वकील से पूछा कि उन्हें पेशी के संबंध में कब सूचित किया गया था। इस पर वकील ने बताया कि 29 अक्टूबर को उन्हें इसकी जानकारी दी गई थी।
दरअसल, नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े जबरन वसूली मामले में दाखिल तीसरी पूरक आरोपपत्र में गवाह के तौर पर शामिल है। इसी सिलसिले में अदालत ने उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था। इस हाईप्रोफाइल मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस सहित कई चर्चित हस्तियों के नाम भी सामने आ चुके हैं। सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने और अवैध धन को वैध बनाने का आरोप है। मामले की जांच और न्यायिक कार्यवाही जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com