spot_img
Homeमहाराष्ट्रआग की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता, मुंबई में 16 दिनों तक रॉकेट...

आग की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता, मुंबई में 16 दिनों तक रॉकेट पटाखों के इस्तेमाल पर पाबंदी

मुंबई (सं.भा.) दीपावली के बाद भी पटाखों से आग लगने की लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने शहर की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुंबई में अब रॉकेट और आसमान में उड़ाए जाने वाले इसी तरह के अन्य पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह पाबंदी 9 नवंबर से 25 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 59 मिनट तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर और उपनगरों में कहीं भी ऐसे पटाखे जलाने की अनुमति नहीं होगी।
मनपा प्रशासन के अनुसार, पिछले दो दिनों में मुंबई के विभिन्न इलाकों में पटाखों के कारण आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। विशेष रूप से रॉकेट जैसे पटाखे हवा में उड़कर आसपास की इमारतों की छतों, बालकनियों और खिड़कियों में गिर सकते हैं। इसके अलावा इनके ज्वलनशील वस्तुओं के संपर्क में आने से आग फैलने का खतरा बना रहता है। मुंबई में ऊंची इमारतों, घनी बस्तियों, झोपड़पट्टी क्षेत्रों और संकरी गलियों की बड़ी संख्या को देखते हुए ऐसी घटनाएं गंभीर रूप ले सकती हैं। इसी खतरे को रोकने के लिए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।
बृहन्मुंबई शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध केवल खुले मैदानों या सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आवासीय इमारतों की छतों, खुली छतों, बालकनियों, आंगनों, वाहन खड़े करने के स्थानों, झोपड़पट्टी क्षेत्रों और अन्य सभी परिसरों में भी लागू होगा। यानी निजी और सार्वजनिक, दोनों तरह के स्थानों पर रॉकेट तथा आसमान में उड़ने वाले समान प्रकृति के पटाखों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।
आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की संबंधित धाराओं के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने यह आदेश जारी किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश का उल्लंघन रोकने के लिए संबंधित परिमंडलों के पुलिस उपायुक्तों, महानगरपालिका के सभी विभागीय कार्यालयों के सहायक आयुक्तों और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com