मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत पहुंचाने के लिए श्री सिद्धिविनायक मंदिर न्यास ने बड़ी पहल की है। न्यास की ओर से मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इस आर्थिक सहयोग से राज्य सरकार द्वारा संकटग्रस्त किसान परिवारों की मदद के लिए किए जा रहे प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण और संकटग्रस्त नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। इसी सामाजिक जिम्मेदारी को आगे बढ़ाते हुए मंदिर न्यास ने यह योगदान दिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की सहायता के लिए न्यास ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये दिए थे। इस वर्ष भी इतनी ही राशि देकर न्यास ने अपनी सेवाभावी परंपरा को आगे बढ़ाया है।
इस अवसर पर न्यास के अध्यक्ष सदानंद सरवणकर, कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, न्यासी महेश मुदलियार, जितेंद्र राऊत, मीना कांबळी, गोपाल दळवी, मनीषा तुपे, सुदर्शन सांगळे तथा कार्यकारी अधिकारी राखी चव्हाण उपस्थित रहे। सिद्धिविनायक मंदिर न्यास की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि धार्मिक संस्थाएं केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि समाजसेवा और मानवता के कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अन्नदाता किसानों के सुख-दुख में न्यास की यह भागीदारी सराहनीय मानी जा रही है।
अन्नदाताओं के साथ खड़ा हुआ सिद्धिविनायक मंदिर, मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ का योगदान
RELATED ARTICLES


