- भाजपा के दो वार्डों के बीच गंदगी का साम्राज्य
मुंबई (सं.भा.) मुंबई महानगरपालिका शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर साल करोड़ों रुपये खर्च करती है। स्वच्छता अभियान के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, अधिकारियों की बैठकें होती हैं और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश जारी होते हैं। लेकिन कांदिवली पश्चिम के आर-साउथ विभाग में इन दावों की जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। यहां वार्ड क्रमांक 31 और वर्तमान वार्ड क्रमांक 20 के बीच स्थित 90 फीट रोड अब अपनी पहचान खोकर ‘कचरा फीट रोड’ बनते नजर आ रहा है। सड़क पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और एक स्थान पर तो बाकायदा डंपिंग ग्राउंड जैसी स्थिति बन गई है।
इस मामले की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस सड़क की बदहाली सामने आ रही है, वह दो वार्डों के बीच स्थित है और दोनों ही वार्डों में भाजपा के नगरसेवक हैं। इतना ही नहीं, प्रभाग समिति के अध्यक्ष भी भाजपा से हैं और वर्तमान विधायक भी भाजपा के हैं। यानी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर क्षेत्रीय राजनीतिक नेतृत्व तक एक ही पार्टी के प्रतिनिधि होने के बावजूद सड़क की सफाई व्यवस्था बदहाल है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि एक ही राजनीतिक व्यवस्था से जुड़े हैं, तो फिर इस सड़क की सफाई कराने में आखिर अड़चन कहां है? क्या किसी को इस मार्ग पर जमा कचरा दिखाई नहीं देता या फिर जनता की यह समस्या उनकी प्राथमिकता में ही नहीं है?
एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छ भारत अभियान देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देता है, वहीं दूसरी तरफ कांदिवली की इस सड़क पर कचरे के ढेर अभियान की जमीनी स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। मुंबई महानगरपालिका जब सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, तो उसका असर नागरिकों को अपनी गलियों और सड़कों पर क्यों नहीं दिखाई देता? सफाई कर्मचारियों, ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही आखिर कौन तय करेगा?
घनकचरा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। अधिकारी राजपूत को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं कि होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सफाई पर अधिक ध्यान दिया जाता है, जबकि रिहायशी इलाकों की बदहाली को नजरअंदाज किया जा रहा है। ओल्ड लिंक रोड पर भी अक्सर कचरे का अंबार लगा रहता है। नागरिकों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों को फोन करने पर कई बार फोन तक नहीं उठाया जाता। यदि जनता की शिकायत सुनने के लिए अधिकारी उपलब्ध नहीं होंगे, तो सफाई व्यवस्था में सुधार कैसे होगा?


