spot_img
Homeआर्टिकलगुरु योग्य बनो

गुरु योग्य बनो

प्रेम शुक्ल
(लेखक भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता)

                                                                 
         

 गुरु बिनु हौरी कौन खेलावै कोई पंथ लगावै।

करकौन निर्मल या जीको, माया मनतें छुड़ावै।।

 फीको रंग जगत के ऊपर, पीकों रंग चढ़ावै।

 लाल-गुलाल लगाय हाथ सौ भरम अबीर उड़ावै।।

 तीन लोक की भाया फूंकके ऐसी फाग रमावै

 हरि हैरत मैं फिरत बावरी, नैननि में कब आवै।।

  हरि को लीख ‘कायम’ रसियासों काहे न धूम मचावै।।

गुरु और शिष्य संबंधानुबंध है। किसी के कल्याण करने की जब तक शक्ति न हो उसे अपना शिष्य बना कर ‘आंधा-आंधा ठेलिया दोन्यो कूप पड़ंत’ वाला कर्म नहीं करना चाहिए। शिष्य को मुक्त न कर पाने का पातक भी जमा हो जाता है। प्रसंग है प्रभू रामचंद्र के स्वर्गारोहण का। ऐसी मान्यता है कि प्रभु रामचंद्र समग्र अयोध्यावासियों के साथ बैकुंठ गए थे। जब बैकुंठारोहण के लिए पूरा अयोध्या एकत्र हो गया तो प्रभु ने कोई छूट तो नहीं रहा यह जंचवाने के लिए प्रहरियों को दौड़ाया। कुछ देर बाद प्रहरी एक श्वान कुत्ते को लेकर उपस्थित हुए। श्वान के शरीर से भयंकर दुर्गध उत्सर्जित हो रही थी। कीड़े बिलबिला रहे थे उसके अंग-प्रत्यंग में। उसकी दुर्दशा देखकर सभी अयोध्यावासी चकित रह गए कि जिस राम राज्य में दैहिक, भौतिक, दैवीय त्रित्ताप व्याप्त नहीं हो सकते वहां इस श्वान की ऐसी दुर्दशा कैसे? तब स्वयं प्रभु रामचंद्र ने बताया कि दरअसल पिछले जन्म में श्वान गुरु था और उसके शरीर में पड़े कीड़े उसके चेले थे। पिछले जन्म में वह चेलों का माल तो डकार गया पर इन्हें कुछ दे नहीं सका सो वही चेले अब इस जन्म में इस गुरु से अपना पूर्व जन्म का हिस्सा वसूल रहे हैं। इसलिए आजकल जो शिष्य बनाने की होड़ चल पड़ी है उससे न तो गुरु का कल्याण होगा और न ही चेले का।
गुरु तो भृंगी की तरह अपने शिष्य का कायाकल्प करता है। भृंगी की संतति प्रजनन से नहीं होती। भृंगी किसी भी कीड़े के बच्चे को उठा लाता है और अपने बिल में रख देता है। यह कीड़े को अपना सूंड चुभाकर उसके शरीर से एक द्रव निकालता है। भृंगी उस कीड़े को भयभीत करने के लिए चारों ओर भिनभिनाते हुए लगातार चक्कर लगाता रहता है। कीड़ा भयवश सिर्फ भृंगी के स्वरूप को याद करता है। कुछ दिन बाद भृंगी के भय से वह कीड़ा खुद भृंगी का रूप पकड़ लेता है। इसी प्रकार गुरु भी लगातार शिष्य को सांसारिक कर्म बंधन के भय से अवगत कराता है। माया, मद, मोह और मत्सर का दुष्परिणाम समझाना है। कालांतर में जब शिष्य की ज्ञानेंद्रियां खुल जाती है तो वह भी कीड़ा जिस प्रकार भृंगी बनता है तब शिष्य गुरु को काया में परिवर्तित होने लगता है।
अपार संसार समुद्रमध्ये, समज्जतो मे शरणं किमस्ति।
गुरौकृपालो कृपया वंदेदैतद्, विश्वेश पादाम्बुज दीर्घ नौका।।
शिष्य को गुरु तलाशने की जरूरत नहीं है। जिस दिन शिष्य पात्रता प्राप्त कर लेगा सद्‌गुरु उसे स्वयं मिल जाएंगे। वैसे ही जैसे सगुण उपासक परमहंस रामकृष्ण को निर्गुणपंथी तोतापुरी महाराज पंजाब से आकर बंगाल में दीक्षा दे गए। गुरु तलाशने से नहीं मिलेगा उसके लिए पात्र बनना पड़ेगा। अपनी आत्मा का शुद्धिकरण करना पड़ेगा। और जब सद्‌गुरु मिल जाएंगे तो वह लोहे को सिर्फ सोना नहीं बनाएंगे वह लोहे को पारस, बना देंगे। पारस पत्थर लोहे को केवल सोना बना सकता है उसे पारस बनाने की क्षमता उसमें नहीं होती। पर गुरु पारस होगा तो अपने शिष्य को भी पारस बना देगा।
पारस और गुरु में बड़ो अंतरो जान।
एक लोहा कनक करे, एक करे आप समान।।
योग में अन्नमय कोष, प्राणमय कोष और आनंदमय कोष जैसे सोपान होते हैं। व्यक्ति अपने योग साधना से क्रमशः इन सोपानों को पार करता है। पर यदि सद्‌गुरु मिल जाए तो वह अपने शिष्य को सीधे एक दृष्टि डालकर आनंदमय कोष में स्थापित कर सकता है। गुरु विश्वामित्र जब प्रभुराम और लक्ष्मण को राजा दशरथ से मांग कर दंडकारण्य ले गए तो वन पहुंच कर उनके मन में एक संदेह हुआ कि ये दोनों बालक सचमुच अवतारी है, कहीं साधारण बालक हुए और घोर वन में भयंकर राक्षसों के हाथों इनका अनिष्ट हो गया तो मैं राजा दशरथ को क्या जवाब दूंगा। गुरु विश्वामित्र यह सोच ही रहे थे कि सामने ताड़का आ गई। ताड़का को देखते ही प्रभु रामचंद्र ने एक तृण से उसका वध कर दिया। तब जाकर विश्वामित्र को विश्वास हुआ कि सचमुच प्रभु रामचंद्र मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में जनमे हैं। उन्होंने ताड़का को स्त्री देख कर किसी भीषण बाण की बजाय तृण से मारा। यह उनकी मर्यादा का परिचायक था। फिर प्रसन्नचित्त विश्वामित्र ने दोनों युवराजों से संध्या की तैयारी करवाई और संध्या उपरांत एक दृष्टि डाल कर दोनों को आनंदमय कोष में स्थापित कर दिया। अर्थात स्वयं प्रभु को भी गुरु कृपा से ही ही आनंदमय कोष में स्थापित होना पड़ा। इसीलिए श्रीराम चरितमानस में आया है कि
बिनु गुरु भव निधि तरइ न कोई,
जौ बिरंचि शंकर सम होई।।
गृह सच्चा होगा तो उसका हर कार्य शिष्य के कल्याण के लिए ही होगा। एक बार गुरु दुर्वासा एकाएक द्वारकाधीश भगवान श्रीकृष्ण के पास पहुंचे। दुर्वासा श्रीकृष्ण के गुरु थे। कृष्ण और रुक्मिणी को उन्होंने खीर प्रस्तुत करने की आज्ञा दी। खीर आई तो थोड़ा जूठा कर उसे भगवान से अपने पूरी शरीर में लपेटने को कहा। भगवान ने गुरुआज्ञा का पालन कर पूरे शरीर में तो खीर चुपड़ लिया पर पैर के तलवे को बाकी रखा कि गुरु प्रसाद का अपमान न हो। दुर्वासा ने पूछा तलवा क्यों, छोड़ दिया तो भगवान ने बिनम्रता पूर्वक हेतु स्पष्ट किया। दरअसल, श्रीकृष्ण के पूरे शरीर को वज्र करने के लिए यह क्रिया दुर्वांसा ने की थी। बहेलिए ने जब श्रीकृष्ण के प्राण लिए तो उसने बाण उनके तलवे में ही मारा। गुरु और शिष्य संबंध ऋणानुबंध है मुक्ति की गारंटीवाला। इसलिए गुरु केवल उसी को शिष्य बनाए जिसकी मुक्ति करने में उसमें क्षमता हो।
रो रो कर मैं जग में आया। भव- सिंधु देखकर घबराया।
मिल पाई कोई राह नहीं। गुरु ने तब मेरी बांह गही।।
संकट की मित्ति सकल भेदी। प्रभु चरणों की नौका दे दी।
गिरतों को जो थामे ततपर। जो शिष्यों के भगवान अपर।।
हर भव-बाधा का करें शमन। श्री गुरु को बारंबार नमन

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com