spot_img
Homeफिल्मी खबरेंभोजपुरी सितारों ने धूमधाम से मनाया छठ महापर्व, सूर्य देव को अर्पित...

भोजपुरी सितारों ने धूमधाम से मनाया छठ महापर्व, सूर्य देव को अर्पित किया अर्घ्य

मुंबई, (सं.भा.) छठ महापर्व के अवसर पर देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। आम श्रद्धालुओं के साथ भोजपुरी फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियां भी सूर्य उपासना के इस पर्व में शामिल हुईं। अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने पटना में अपने परिवार के साथ छठ पूजा की और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा किया। वहीं, अभिनेता खेसारी लाल यादव अपनी पत्नी और बेटे के साथ पूजा में शामिल हुए, जबकि सांसद एवं अभिनेता रवि किशन गोरखपुर में छठ घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं से मिले और पर्व की शुभकामनाएं दीं।

अक्षरा सिंह ने छठ पूजा के दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने बताया कि अपने शहर पटना में लोगों के साथ छठ मनाना उनके लिए हर साल विशेष अनुभव रहता है। उन्होंने पूजा के आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार जताते हुए छठी मैया से सभी के सुख और कल्याण की कामना की। इससे पहले उन्होंने खरना की रस्म भी पूरी की थी और घर में चल रही तैयारियों की झलक प्रशंसकों के साथ साझा की थी।

भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने भी परिवार के साथ छठ महापर्व मनाया। उन्होंने पत्नी और बेटे के साथ पूजा की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में उनकी पत्नी सूर्य देव को अर्घ्य देती नजर आईं, जबकि खेसारी अपने बेटे के साथ मौजूद रहे। दूसरी ओर, रवि किशन गोरखपुर में आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात की और विधि-विधान से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व नहाय-खाय से शुरू होकर खरना, संध्या अर्घ्य और ऊषा अर्घ्य के साथ संपन्न होता है। इस दौरान व्रती कठिन उपवास रखते हुए डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह पर्व बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के कई क्षेत्रों में विशेष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। देश के अन्य हिस्सों के साथ विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग भी इस पर्व को पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com