मुंबई, (सं.भा.) महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को लेकर लंबे समय से असमंजस में बैठे लाखों शिक्षकों और अभ्यर्थियों के लिए नए साल में अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है। महीनों से परीक्षा की तारीख घोषित होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राज्य परीक्षा परिषद ने दोबारा परीक्षा आयोजित करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जनवरी या फरवरी 2027 में परीक्षा कराई जा सकती है। हालांकि, इसके लिए राज्य सरकार की अंतिम मंजूरी मिलना अभी बाकी है।
गौरतलब है कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद महाराष्ट्र सहित देशभर में शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य हो गया है। इसी को देखते हुए महाराष्ट्र में जून 2026 में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए दो लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 28 जून को निर्धारित थी, लेकिन आयोजन से ठीक एक दिन पहले प्रश्नपत्र लीक होने की खबर ने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद राज्य परीक्षा परिषद को परीक्षा रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।
परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों में नाराजगी के साथ-साथ भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। उस समय सरकार की ओर से परीक्षा दोबारा आयोजित करने और इस बार ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा लेने का भरोसा दिया गया था। बावजूद इसके करीब छह महीने तक कोई ठोस कार्यक्रम सामने नहीं आया।
अब राज्य परीक्षा परिषद की ओर से दोबारा परीक्षा कराने की तैयारियां शुरू होने से अभ्यर्थियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि, परीक्षा की तारीख, आवेदन प्रक्रिया और ऑनलाइन आयोजन को लेकर अंतिम तस्वीर राज्य सरकार की मंजूरी तथा आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही साफ होगी। ऐसे में लाखों शिक्षक अब सरकार की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।


