मुंबई, (सं.भा.) संपत्ति के सौदों में काली कमाई को सफेद बनाने का खेल अब मुश्किल हो सकता है। जमीन और मकान की रजिस्ट्री में बड़ी रकम नकद देने वालों का हिसाब सीधे आयकर विभाग तक पहुंचेगा। महाराष्ट्र सरकार ने दो लाख रुपये या उससे अधिक के नकद लेन-देन पर निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है।
राज्य में जमीन और मकान की खरीद-बिक्री के दौरान होने वाले नकद लेन-देन पर शिकंजा कसने के लिए फडणवीस सरकार ने नई व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत संपत्ति की रजिस्ट्री के समय दो लाख रुपये या उससे अधिक के नकद लेन-देन की जानकारी सीधे आयकर विभाग को भेजी जाएगी। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए पंजीकरण एवं स्टांप विभाग की ऑनलाइन प्रणाली ‘आई-सरिता’ में तकनीकी बदलाव किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने पंजीकरण महानिरीक्षक एवं नियंत्रक, स्टांप को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से संपत्ति की खरीद-बिक्री में होने वाली वित्तीय अनियमितताओं और काले धन के इस्तेमाल पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
दरअसल, जमीन और मकानों के सौदों में कई बार सरकारी दस्तावेजों में दिखाई गई कीमत और वास्तविक लेन-देन की रकम में अंतर होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में नकद भुगतान के जरिए काली कमाई का इस्तेमाल किए जाने की आशंका रहती है। नई व्यवस्था से रजिस्ट्री के दौरान होने वाले बड़े नकद लेन-देन का रिकॉर्ड आयकर विभाग तक पहुंच सकेगा।
बताया गया है कि सर्वोच्च न्यायालय के 16 अप्रैल 2025 के आदेश और आयकर कानून के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। आई-सरिता प्रणाली में बदलाव के बाद संपत्ति पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान संबंधित जानकारी आयकर विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे जमीन और मकान के कारोबार में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही कर चोरी और काले धन के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


