मुंबई (सं. भा.) टीवी इंडस्ट्री में रिश्तों की उठापटक अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आने लगी है। अभिनेत्री ईशा सिंह और अभिनेता अविनाश मिश्रा के बीच कथित ब्रेकअप और धोखे को लेकर चल रहा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। लंबे समय तक चुप्पी साधने के बाद ईशा सिंह ने अब सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बिना नाम लिए भरोसा तोड़ने और पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि उन्हें और परेशान किया गया तो वह संबंधित लोगों के नाम और पूरे मामले से जुड़े सबूत सार्वजनिक कर देंगी।
दरअसल, रविवार 22 नवंबर को ईशा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक के बाद एक दो पोस्ट साझा कीं। उनकी यह प्रतिक्रिया अविनाश मिश्रा की उस पोस्ट के बाद सामने आई, जिसमें उन्होंने लोगों से निजी रिश्तों का सम्मान करने और व्यक्तिगत जिंदगी को सार्वजनिक मनोरंजन का विषय नहीं बनाने की अपील की थी। ईशा ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी शांति बनाए रखने के लिए चुप रहने के फैसले को कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति खुद रिश्तों को निजी रखने की बात करता है, तो फिर उन्हीं बातों को सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा क्यों बनाया जा रहा है।

ईशा ने अपनी दूसरी पोस्ट में नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस हद तक मजबूर न किया जाए कि वह बिना किसी की परवाह किए सारे सबूत और सही नामों के साथ पूरी सच्चाई सामने रख दें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर उन्होंने भरोसा किया, उसी ने उनकी पीठ में छुरा घोंपा। साथ ही उन्होंने कहा कि जब कुछ लोगों के लिए आगे बढ़ना इतना आसान है तो वह भी अब इस विवाद से निकलकर अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश करेंगी।
गौरतलब है कि रिश्ते में अनबन और अलगाव की खबरों के बीच अविनाश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया था। इसमें उन्होंने मीडिया पेजों और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की थी कि रिश्तों को व्यूज और एंगेजमेंट का जरिया न बनाया जाए। उनका कहना था कि रिश्ते निजी होते हैं, सार्वजनिक मनोरंजन का विषय नहीं। हालांकि, ईशा की ताजा प्रतिक्रिया ने इस विवाद को और हवा दे दी है।


