मुंबई (सं. भा.) किडनी के मरीजों के लिए डायलीसिस सेवा जीवनदायी मानी जाती है. दिनोंदिन बढ़ती किडनी मरीजों की संख्या के चलते मध्यम और निम्न वर्ग को डायलीसिस उपचार कराना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए सामाजिक संस्था मातोश्री जयाबेन हिम्मतलाल शाह चैरिटेबल ट्रस्ट ने क्रांतिकारी कदम उठाते हुए समाज के कमजोर वर्ग के किडनी मरीजों को एक रूपये में डायलीसिस सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय किया है.
इसको ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा कांदिवली पश्चिम के दहाणुकर वाड़ी में मुफ्त डायलीसिस केंद्र की शुरुआत की गयी है. ट्रस्ट के भावेश शाह और समाजसेवी योगेश लखानी ने अन्य ट्रस्टियों के साथ सेवाभावी उपक्रम शुरू किया है. यहां गरीबों का डायलीसिस सिर्फ एक रूपए में किया जायेगा. अस्पताल के उद्घाटन अवसर पर सांसद गोपाल शेट्टी, पदमश्री अनूप जलोटा, अभिनेत्री आरती नागपाल, निकिता रावल, जसलीन मथारू, एकता जैन, मनोज जोशी, मुकेश ऋषि, गायिका मधुश्री आदि उपस्थित थे.


