जौनपुर (सं.भा.)। सूरज की बढ़ती तपिश ने आमजन को भारी मुसीबत में डाल दिया है। तेज धूप व भीषण गर्मी की वजह से सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा पसर जा रहा है। 40 डिग्री तापमान के बीच धूप से बचने के तमाम साधन नाकाफी साबित हो रहे हैं। आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है। गर्मी से सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों व बुजुर्गोँ को हो रही है।
रविवार को भी शनिवार की तरह तेज धूप रही। धूप से राहत पाने को तमाम लोग छांव ढूढते रहे। शीतल पेय की दुकानों पर गर्मी से राहत पाने को गला तर करते दिखे। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि दोपहर बाद लोग बाहर निकलना ही नहीं चाह रहे हैं। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी नौकरी-पेशे वालों को हो रही है। ट्रेनों के लेट होने से रेलवे स्टेशनों पर मुसाफिरों का भी बुरा हाल है। ट्रेनों के लेट होने से यात्री धूप से बिलबिला रहे हैं। मौसम जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के किसी तरह के आसार नहीं है।


