मुंबई (सं. भा.) समता नगर पुलिस ने एक बुजुर्ग को अपनी बीमार पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कांदिवली निवासी 79 वर्षीय आरोपी विष्णुकांत बालुर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शकुंतला बालुर (76) काफी दिन से बीमार थी। वह उसकी लगातार देखभाल करने से थक गया था। वह खुद भी चालीस साल से मधुमेह का रोगी है।

एक अधिकारी ने बताया कि काम करने वाली नौकरानी जब बालुर के घर पहुंची, तो उसने देखा कि शकुंतला बेड पर गंभीर रूप से जख्मी होकर पड़ी है, जबकि विष्णुकांत भी वहीं एक कुर्सी पर बैठे हुए थे। नौकरानी ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी। आरोपी द्वारा पुलिस को दिए बयान के अनुसार, दोपहर में शकुंतला ने मिठाई मांगी थी। मिठाई देने के बावजूद वह बार-बार उससे और मिठाई देने की जिद कर रही थी। इससे वह क्रोधित हो गया और उसने चाकू से पत्नी पर हमला ‘कर दिया। आरोप है कि बालुर ने कथित तौर पर चाकू से अपनी गर्दन काटने का भी प्रयास किया था। बालुर दंपति का बेटा अमेरिका में रहता है, जिसे पुलिस ने घटना की सूचना दे दी है।


