बबेरू (सं. भा.) : ग्राम उमरहनी निवासी अमरजीत वर्मा की शादी आठ माह पहले कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम अमलोहरा निवासी कल्लू वर्मा की 20 वर्षीय पुत्री शीलू के साथ हुई थी । स्वजन के मुताबिक शनिवार की देर शाम किसी बात को लेकर पति पत्नी का विवाद हो गया। रविवार की सुबह शीलू ने रोज की तरह घरेलू काम किया और मजदूरी पर जा रहे पति को खाना खिलाया। दोपहर के लिए पराठा भी बांधकर दिया। कुछ देर बाद सास चंदनिया कंडा पाथने व ससुर जागेश्वर खेत में काम करने चले गए । इसी बीच मौका पाकर शीलू ने दरवाजा बंद कर साड़ी के एक हिस्से का पल्लू फाड़ कर गले में फंदा डाल कर धन्नी से फांसी लगा ली। काफी देर बाद सास घर पहुंची तो दरवाजा बंद देख आवाज दी। नहीं खुलने पर पड़ोसियों को बुलाया। अंदर जाकर देखा तो शीलू फांसी के फंदे पर लटकी थी। आनन फानन उसे फंदे से नीचे उतारा गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ससुर जागेश्वर ने कोतवाली में घटना की सूचना दी। पति अमरजीत का कहना है कि हमारा किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। मृतका की मां कुसमा को सूचना दी गई है, पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर नायब तहसीलदार अभिनव तिवारी ने पहुंचकर पंचनामा भरा।


