मुंबई (सं. भा.) : शूटिंग के बाद घर जा रही टीवी शो बिग बॉस सीजन 14 की टैलेंट मैनेजर पिस्ता धाकड़ (24 वर्ष) की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस खबर को सुन कर शो के होस्ट अभिनेता सलमान खान सहित बिग बॉस के सेट के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। घटना शुक्रवार की देर रात को घटित हुई जब वह अपनी असिस्टेंट के साथ स्कूटी पर जा रही थी। आरे पुलिस ने एक्सीडेंटल मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
खबर के अनुसार बिग बॉस सीजन 14 के वीकेंड वार की शूटिंग शुक्रवार की रात को फिल्म सिटी में लगाए गए सेट पर की जा रही थी। अभिनेता सलमान खान इस दौरान सेट पर मौजूद थे। शूटिंग खत्म होने के बाद पिस्ता अपनी असिस्टेंट की स्कूटी पर पीछे बैठ घर जा रही थी। रात में अंधेरा होने के कारण असिस्टेंट को सड़क में हुआ गड्ढा नही दिखा और स्कूटी सहित दोनो गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही वैनिटी वैन की चपेट में आने से पिस्ता की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से सलमान खान सहित बिग बॉस के सेट से जुड़े सभी लोग स्तब्ध बताए जाते हैं।


