मुंबई (स भा)– भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर मुंबई ने आज एक पत्रकार परिषद का आयोजन किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों को उजागर किया गया। विधान परिषद के ग्रुप लीडर विपस प्रवीणभाऊ दरेकर ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं ने देश के गरीबों, महिलाओं, युवाओं और वंचितों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाए हैं। उन्होंने देश को मिली अभूतपूर्व प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।
जिलाध्यक्ष दीपक (बाळा) तावड़े ने “विकसित भारत का अमृत काल” विषय की प्रस्तावना रखी। चारकोप के विधायक योगेश सागर ने आगामी भाजपा कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिसमें 25 जून 2025 को आपातकाल के 50 वर्ष और 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर होने वाले कार्यक्रम शामिल हैं। विधायक सागर ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा कांदिवली पूर्व में स्थापित कौशल विकास केंद्र की सफलता का भी उल्लेख किया, जिसने इस वर्ष 15,000 युवाओं को रोजगार दिलाया है।
प्रवीण भाऊ दरेकर ने मोदी सरकार की जनहित योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र को मोदी सरकार के सहयोग से 6 लाख करोड़ रुपये के बुनियादी ढाँचे और पौने दो लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार की तुलना में मोदी सरकार ने रेलवे के लिए काफी अधिक धनराशि उपलब्ध कराई है।
दरेकर ने बताया कि मोदी सरकार ने एक साल में 30 लाख गरीब लाभार्थियों के लिए घर स्वीकृत किए हैं, और ‘सभी के लिए घर’ उनका संकल्प है। उन्होंने कोविड काल से अब तक 81 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण, और मुद्रा योजना व आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को मिले लाभ पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोदी पर्व में लाखों घरों का 100% विद्युतीकरण हुआ है, और सीधे खातों में 42 लाख करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
उन्होंने कृषि क्षेत्र में पाँच गुना वृद्धि, पीएम किसान योजना के तहत किसानों को 3.7 लाख करोड़ रुपये का वितरण, और प्रधानमंत्री फसल बीमा के तहत बड़े पैमाने पर दावों के निपटारे का जिक्र किया। दरेकर ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, रक्षा बलों में महिलाओं को अवसर, और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सफलता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत अब स्टार्टअप्स में विश्व में अग्रणी है, और ऑपरेशन सिंदूर जैसी पहलों ने भारत की वैश्विक पहचान बढ़ाई है।
दरेकर ने बताया कि भारत अब रक्षा उपकरणों में आत्मनिर्भर हो गया है, और जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने बुनियादी ढाँचे के विस्तार, हवाई अड्डों की संख्या में वृद्धि, और रेलवे व राजमार्गों में आई क्रांति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ‘विकास भी और विरासत भी’ की सोच ने देश के सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भी उत्थान किया है। इस पत्रकार परिषद में दरेकर के साथ विधायक योगेश सागर, भाजपा अध्यक्ष दीपक तावड़े, भाई गिरकर, विनोद शेलार, गणेश खनकर, महासचिव बाबा सिंह, प्रचार प्रमुख नीला कनुभाई राठोड़ सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।


