चमन इरफान
फतेहपुर (स भा): उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और ब्राह्मण समाज के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में खागा विधानसभा के सपा उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की इस पोस्ट को लेकर ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश फैल गया है।
शनिवार को सपा नेता सत्यप्रकाश, जो चंदापुर मजरे गढ़ा के निवासी हैं, की फेसबुक आईडी से एक विवादित पोस्ट की गई। इस पोस्ट में ब्राह्मण समाज के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया गया था और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को लेकर डीएनए टेस्ट कराने जैसी टिप्पणी भी की गई थी। यह पोस्ट कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिससे समाज के लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया।

गढ़ा गांव के समाजसेवी शेषनारायण शुक्ला ने किशनपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि सत्यप्रकाश पहले भी अभद्र और भड़काऊ पोस्ट करता रहा है। मना करने पर वह जान से मारने और दंगा भड़काने की धमकी देता है। आरोप है कि उसकी इस पोस्ट पर 3-4 अन्य लोग भी समर्थन में प्रतिक्रिया देते हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


