मुंबई (सं. भा.) महानगर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए राज्य सरकार ने जलमार्ग से यात्री सेवा को बढ़ावा देने के लिए कई नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। इसी योजना के तहत दक्षिण मुंबई स्थित रेडियो क्लब के पास एक नई जेट्टी का निर्माण किया जा रहा है, जिसे वर्ष 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बजट भाषण के दौरान बताया कि मुंबई महानगर क्षेत्र में जल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक योजना बनाई गई है। वर्तमान में इस क्षेत्र में लगभग 125 किलोमीटर जलमार्ग उपलब्ध है, जिसे आने वाले समय में बढ़ाकर लगभग 340 किलोमीटर तक किया जाएगा।
- सरकार की योजना के अनुसार मौजूदा जलमार्गों पर बने 20 यात्री घाटों का आधुनिकीकरण किया जाएगा, जबकि 11 नए जलमार्गों पर 24 नए यात्री घाटों का निर्माण किया जाएगा। इन सभी कार्यों पर लगभग 6 हजार 600 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।
इस योजना के माध्यम से मुंबई महानगर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों को जलमार्ग से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। पहले चरण में भाईंदर, कोलशेत, काल्हेर और डोंबिवली में जेट्टी का निर्माण किया जाएगा, जिससे मीरा-भाईंदर, ठाणे, भिवंडी और डोंबिवली के बीच जलमार्ग से यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा वसई खाड़ी और उल्हास नदी के रास्ते पूर्व और पश्चिम क्षेत्रों के बीच जलमार्ग संपर्क को मजबूत करने की भी योजना है। सरकार का मानना है कि जल परिवहन व्यवस्था विकसित होने से मुंबई महानगर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को यात्रा का एक नया और किफायती विकल्प मिलेगा।


