spot_img
Homeमहाराष्ट्रयूपी में बढ़े रोजगार के अवसर, पूर्वांचल के युवाओं को अब नहीं...

यूपी में बढ़े रोजगार के अवसर, पूर्वांचल के युवाओं को अब नहीं करना होगा पलायन : कृपाशंकर सिंह

विनय दुबे

मीरा-भाईंदर (सं.भा.) : पूर्वांचल से रोजगार के लिए होने वाले पलायन को रोकने और युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रवासी फाउंडेशन द्वारा मीरा रोड में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन के कारण अब ‘पलायन नहीं, प्रवास रुकेगा’। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।

कृपाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा ने नई गति पकड़ी है। प्रदेश में सड़क, बिजली, औद्योगिक विकास और निवेश के कारण स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई में जौनपुर के बड़ी संख्या में रहने वाले लोगों को अपने जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जौनपुर में टेक्सटाइल हब स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण कर नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलने का रास्ता खुलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रवासी फाउंडेशन का उद्देश्य केवल पलायन रोकना नहीं, बल्कि पूर्वांचल के युवाओं को उनके गृह जनपद में सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जनजागरण और विकास की सोच को आगे बढ़ाना है।

कार्यक्रम में प्रवासी फाउंडेशन के संयोजक अरुण उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की रोजगारपरक नीतियों से पलायन में कमी आई है, लेकिन इसे पूरी तरह रोकने के लिए समाज और सरकार को मिलकर काम करना होगा। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि नए उद्योगों और रोजगार योजनाओं से राज्य से बाहर जाने वाले श्रमिकों की संख्या लगातार घट रही है, जबकि विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने इसे उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल की सफलता बताते हुए कहा कि औद्योगिक कॉरिडोर, बेहतर बुनियादी ढांचे और निवेश के कारण प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह, मुंबई भाजपा के महामंत्री पवन त्रिपाठी, उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई भाजपा के प्रमोद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्वांचल समाज के लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com