spot_img
Homeमहाराष्ट्रसेवा और संगठन का संदेश, उत्तर भारतीय मोर्चा के नए जनसंपर्क कार्यालय...

सेवा और संगठन का संदेश, उत्तर भारतीय मोर्चा के नए जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ

विनय दुबे
मीरा-भाईंदर (सं.भा.) : मूसलाधार बारिश के बावजूद उत्तर भारतीय मोर्चा के कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में विधायक नरेंद्र मेहता ने उत्तर भारतीय मोर्चा के नए जनसंपर्क कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती के साथ समाजसेवा का संदेश भी दिया गया।

कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर दो जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें भेंट की गईं, जबकि बरसात के मौसम को देखते हुए 500 जरूरतमंद लोगों को छतरियों का वितरण किया गया। विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को आत्मनिर्भर बनाना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सहायता भी किसी परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

अपने संबोधन में विधायक मेहता ने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय मोर्चा केवल सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी है। नए जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के समाधान और जनसंपर्क गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उत्तर भारतीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष दीक्षित ने कहा कि समाज हमेशा राष्ट्र और जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और आगे भी निभाता रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

कार्यक्रम में स्थायी समिति सभापति हसमुख गहलोत, मोर्चा के महामंत्री कमलेश दूबे, कार्यालय प्रमुख जयंती प्रसाद त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रामअवतार राय एवं आशीष द्विवेदी, गीता सिंह, संग्राम सिंह, खगेशनाथ मिश्रा, देवेंद्र पोरवाल, उत्तर भारतीय मोर्चा (शिक्षा विभाग) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयराज सिंह, राज पाठक, राजेश शुक्ला सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com