इलाज के नाम पर भरोसे से खिलवाड़,
मुंबई (सं.भा.) : इलाज के लिए डॉक्टर पर किया गया भरोसा जब टूटता है, तो सवाल सिर्फ कानून का नहीं बल्कि समाज की संवेदनशीलता का भी होता है। मुंबई के मालवणी इलाके में ऐसा ही एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान नाबालिग बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में 44 वर्षीय महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता 12 साल की छात्रा है और अपने परिवार के साथ मालवणी क्षेत्र में रहती है। होंठ पर छाले की शिकायत के चलते परिजन उसे आरोपी डॉक्टर के क्लिनिक लेकर गए थे। आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने बच्ची के साथ अनुचित तरीके से व्यवहार किया। बच्ची द्वारा विरोध किए जाने पर उसे डराने और चुप रहने को कहे जाने का भी आरोप है।
घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने बिना देरी किए पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, मानहानि और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को दिंडोशी स्थित विशेष पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी डॉक्टर की पेशेवर पृष्ठभूमि, क्लिनिक से जुड़े रिकॉर्ड और पूर्व में किसी शिकायत की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


