spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईअतिक्रमण हटाने के बावजूद फुटपाथ पर अवैध कब्जा, अधिकारियों की भूमिका पर...

अतिक्रमण हटाने के बावजूद फुटपाथ पर अवैध कब्जा, अधिकारियों की भूमिका पर तिवाना ने उठाए सवाल

मुंबई (सं. भा.)। मुंबई में पैदल यात्रियों को फुटपाथ पर सुरक्षित और बाधारहित रास्ता उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया गया बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे का ‘मिशन पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ अब सवालों के घेरे में है। शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के कुछ ही दिनों बाद उन्हीं फुटपाथों पर दोबारा फेरीवालों और अवैध कब्जों का जमावड़ा लगने लगा है। इस स्थिति को लेकर नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने पूर्व और पश्चिम प्रभाग समिति की बैठक में प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।


स्थायी समिति सदस्य तिवाना ने आरोप लगाया कि आयुक्त की महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के बजाय कुछ अधिकारी ही इसमें बाधा पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक प्रशासनिक वार्ड में 20 सड़कों को चिन्हित कर फुटपाथ खाली कराने की पहल की गई थी। शुरुआत में कार्रवाई हुई, लेकिन पी-पश्चिम प्रभाग में जिन रास्तों से अतिक्रमण हटाया गया था, वहां फिर से कब्जे हो गए हैं। नतीजतन पैदल यात्रियों को दोबारा सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
तिवाना ने प्रशासन से उन सड़कों की सूची मांगी, जहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी और जहां बाद में फिर कब्जे हो गए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या पैसे लेकर फेरीवालों को दोबारा फुटपाथ पर बैठने दिया जा रहा है? उनका आरोप था कि सत्ता परिवर्तन के बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर ठोस कार्रवाई करने की मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com