मुंबई (सं. भा.) – महंगाई से जूझ रही आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल-डीजल और फल-सब्जियों के बढ़ते दामों के बीच अब दूध भी महंगा हो गया। गाय और भैंस के दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे रोजमर्रा की जरूरतों पर बोझ और बढ़ गया है।
दुग्ध उत्पादक व प्रसंस्करण कल्याण संघ के सदस्यों और महाराष्ट्र सहकारी दूध उत्पादक संघ लिमिटेड के साथ पुणे में हुई बैठक में सर्वसम्मति से दूध की कीमतें बढ़ाने का निर्णय लिया गया। यह बढ़ी हुई कीमतें शनिवार से लागू हो गई हैं।
संघ के मानद सचिव प्रकाश कुतवाल ने बताया कि यह निर्णय दूध संघ के 47 सदस्यों ने लिया। दूध की बढ़ती कीमतों से आम उपभोक्ता पर असर पड़ना तय है, जिससे रसोई का बजट और बिगड़ सकता है।


