ठाणे (सं. भा.) बीजेपी के वरिष्ठ नेता किरीट सोमैया ने रविवार को ठाणे के कावेसर स्थित लेबर कैंप का दौरा करने के बाद दावा किया कि इस लेबर कैंप में बगैर वैध दस्तावेजों के बांग्लादेशी नागरिक रह रहे हैं। पूर्व सांसद ने ठाणे पुलिस आयुक्त से कावेसर श्रमिक शिविर में तलाशी अभियान चलाने का अनुरोध किया। सोमैया ने कहा कि मैंने यहां 12 मजदूरों से मुलाकात की और उनमें से नौ बांग्लादेशी मुस्लिम थे। उनका कहना है कि वे पश्चिम बंगाल के मालदा से हैं, लेकिन उनके पास कोई प्रामाणिक दस्तावेज नहीं है। सोमैया ने ठाणे पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में इस पर कार्रवाई करने की मांग की है। बता दें कि सैफ अली खान हमला मामले में मुंबई पुलिस ने आरोपी को ठाणे के कावेसर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है, जो कि बांग्लादेशी है और अवैध तरीके से यहां रह रहा था।


