ठाणे (सं. भा.) भाषा केवल विचारों को व्यक्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का भी महत्वपूर्ण साधन है। इसी उद्देश्य के साथ हिंदी पखवाड़े के अवसर पर ठाणे में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के लिए ‘बाल अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, लक्ष्य फाउंडेशन और शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 75 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
शेठ एन.के.टी.टी. सभागार में आयोजित कार्यक्रम में निबंध लेखन, काव्यपाठ और भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिताओं में सफल विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि, पुस्तक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. दामोदर खड़से ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हिंदी भारत की आत्मा एवं राष्ट्रीय एकता का सूत्र है।”
विशिष्ट अतिथि आनंद सिंह ने विद्यार्थियों को भाषण कला, उच्चारण और प्रभावी प्रस्तुति की बारीकियों से अवगत कराया। डॉ. जितेंद्र पांडेय ने हिंदी भाषा के माध्यम से उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। हास्य कवि सुरेश मिश्र ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट राजीव मिश्र ने कहा कि विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए इस तरह के आयोजन आगे भी किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में ओमप्रकाश तिवारी और प्रो. अंजनी कुमार द्विवेदी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज की प्राचार्या मनीषा ठक्कर, डॉ. जितेंद्र पांडेय, राजेंद्र चव्हाण सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की प्राध्यापिकाओं प्रतिभा पाटील और ललिता नारखेडे ने किया। अंत में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सचिव सचिन निम्बालकर ने अतिथियों और कॉलेज प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


