- निकालेगी 3 हजार घरों की लॉटरी
मुंबई (सं. भा.): म्हाडा हर साल सैकड़ों घरों की लॉटरी निकालती है। इसके बाद भी म्हाडा के घरों की लॉटरी न लगने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को निराशा हाथ लगती है। मुंबई में म्हाडा के घरों का सपना देखने वालों को राज्य सरकार दीपावली का तोहफा देने जा रही है। मुंबई उपनगर के गोरेगांव में म्हाडा सभी तरह के आधुनिक सुविधाओं से संपन्न ३,००० घरों की लॉटरी निकालने की घोषणा की है। इतना ही नहीं इसी प्रोजेक्ट के अंतर्गत उच्च श्रेणी, मध्यम श्रेणी के बने घर भी किफायती कीमत पर देने का फैसला किया है। कल गृह निर्माण मंत्री ने म्हाडा अधिकारियों के साथ गोरेगांव में बने घरों का निरीक्षण किया। लगभग सभी घरों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।
मुंबई में अपने घर का सपना देखनेवालों के लिए महाविकस आघाड़ी सरकार दिवाली पर ३,००० घरों की सौगात देने जा रही है। कोरोना से जारी जंग के बाद भी राज्य सरकार ‘सबका अपना घर योजना’ के तहत लोगों के घरों का सपना साकार करने में कामयाब रही है। म्हाडा कोकण मंडल और पुणे में बने विभिन्न श्रेणी के हजारों घरों की लॉटरी निकालकर लोगों को अपने अधिकार का घर मुहैया कराई है। अब म्हाडा ने मुंबईकरों के लिए गोरेगांव के २,३८६ घर लॉटरी में शामिल किए हैं, जिसमें अति अल्प के १, ९४७ घर, निम्न श्रेणी के ७३६ घर हैं। इसके साथ ही अंटॉपहिल, विक्रोली कन्नमवार नगर आदि इलाकों में बने घरों की लॉटरी निकालने का फैसला लिया है।
गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र अव्हाड ने कल गोरेगांव का दौरा किया और लॉटरी में आने वाले घरों का अवलोकन किया। सभी घर नई तकनीकी के तहत बनाए गए हैं। आम नागरिकों के लिए सर्व सुविधा संपन्न सुसज्जित घर किफायती दरों में देने का सरकार ने फैसला किया है। तैयार घरों को देखने के बाद ३,००० घरों की लॉटरी निकालने की घोषणा गृह निर्माण मंत्री ने की। बता दें कि राज्य सरकार सभी लोगों को अपने अधिकार का घर मिले, इसके लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विविध प्रकार की योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है।


