- मुंबई की बिगड़ी आबोहवा
- बोरीवली रहा सबसे ज्यादा प्रदूषित
मुंबई (सं. भा.) मुंबई में बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने चिंता जाहिर करते हुए लोगों से दीपावली पर्व के अवसर पर सीमित और कम प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे फोड़ने का निर्देश मुंबईकरों को दिया था। साथ ही पटाखों को फोड़ने के लिए समय भी निश्चित किया था। मुंबईकरों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के दिशा निर्देशों को दरकिनार करते हुए प्रकाश पर्व दिवाली के अवसर पर देर रात तक जमकर पटाखे जलाए। एक अनुमान के अनुसार इस साल 400 करोड़ रुपयों के पटाखे मुंबईकरों ने जला दिए। बड़े पैमाने पर जलाए गए पटाखों के कारण मुंबई की आबोहवा बदतर स्थिति में पहुंच गई।

मुंबई में सबसे ज्यादा प्रदूषित बोरीवली इलाका रहा
गौरतलब है कि बीते दिनों हुई बेमौसम बारिश ने मुंबई की आबोहवा में सुधार लाया था, लेकिन दिवाली के मौके पर फोड़े गए पटाखों ने फिर महानगर में प्रदूषण का लेवल बढ़ा दिया है। मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 123 के साथ फिर खराब स्थिति में पहुंच गया है। हाई कोर्ट ने रात 8 से 10 बजे तक पटाखे फोड़ने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके दिनभर पटाखे फोड़े गए। रात 12 बजे के बाद भी पटाखों फोड़ने का सिलसिला जारी था। हालांकि कई मुंबईकरों ने कोर्ट के आदेशों का सम्मान किया और प्रदूषण मुक्त दिवाली को अहमियत दी।
हर साल खराब हो जाती है हवा की गुणवत्ता
महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय सफर प्रदूषण माप प्रणाली की रिपोर्ट के अनुसार हर साल दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने के बाद हवा की गुणवत्ता खराब हो जाती है।

कुछ लोगों ने नहीं दी पटाखों को तरजीह
राज्य सरकार और बीएमसी प्रशासन ने हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए लोगों से पटाखे न जलाने की अपील की है, लेकिन दिवाली की खुशी में ध्वनि वाले और आसमानी पटाखे फोड़े गए। मुंबई में अब तक करीब 400 करोड़ रुपए के पटाखों की बिक्री हुई है। करोड़ों के पटाखे फोड़े जाने से मुंबई में प्रदूषण में भी वृद्धि हुई है। हालांकि कुछ लोगों ने प्रदूषण की घातकता को समझते हुए पटाखों को तरजीह नहीं दी।
बोरीवली में ज्यादा प्रदूषण
रीयल टाइम के अनुसार मुंबई में रविवार को 123 एक्यूआई दर्ज किया गया। पीएम 2.5 का स्तर 46 और पीएम 10 का स्तर 77 रहा। सबसे अधिक वायु प्रदूषण बोरीवली में दर्ज किया गया। बोरीवली में 149 एक्यूआई दर्ज किया गया। रविवार को कुलाबा में न्यूनतम तापमान 25 जबकि अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा और सांताक्रूज में न्यूनतम तापमान 24.8 और अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बढ़े 20-25 प्रतिशत मरीज
जेजे अस्पताल के डॉ. मधुकर गायकवाड़ के अनुसार खराब हवा के कारण अस्थमा के रोगियों और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज से पीड़ित लोगों पर बुरा असर पड़ रहा है। प्रदूषित वायु के कारण गले में संक्रमण और लगातार सूखी खांसी के मरीजों की संख्या में 20-25 फीसदी की वृद्धि हुई है।
पिछले साल की तुलना में इस साल कम पटाखे फोड़े गए हैं। इसलिए इस दिवाली ध्वनि प्रदूषण का स्तर पिछले साल की तुलना में कम रहा है, इसकी रिपोर्ट हम आज जारी करेंगे। -सुमेरा, आवाज फाउंडेशन
प्रदूषण पैरामीटर (AQI में)
मुंबई 123
बोरीवली 149
देवनार 147
सायन 144
बांद्रा 137
कुर्ला 137
बीकेसी 127
एयरपोर्ट क्षेत्र 112
जुहू 110
वर्ली 107
विलेपार्ले 107
मालाड 102
कुलाबा 99
नेवी नगर 99
भांडुप 97
माझगांव 93


