- हाइकोर्ट के निर्देश पर 538 अवैध फेरीवालों के खिलाफ लिया एक्शन
मुंबई (सं. भा.) मुंबई के लिए अवैध फेरीवाले धीरे धीरे बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं। वसूलीबाज मनपा अधिकारियों से मिल रहे वरदहस्त के कारण ही वर्तमान में मुंबई के अधिकतर फुटपाथ पर अवैध फेरीवालों का कब्जा हो चुका है। ऐसे ही अवैध फेरीवालों के खिलाफ बांबे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद बीएमसी प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। बीते तीन दिनों में 538 फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और उनके सामान जब्त कर लिए गए हैं। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बीएमसी ने पुलिस विभाग से मिलकर फुटपाथों और सड़कों को अवैध फेरीवालों से मुक्त कराने का निर्णय लिया है। खुले में खाद्य पदार्थ बेचने वालों और लावारिश वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। बीते 3 दिनों में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से हाई कोर्ट, चर्चगेट से हाई कोर्ट, कोलाबा कॉजवे, मोहम्मद अली रोड, लोकमान्य तिलक रोड, लालबाग, दादर, हिल रोड, लिंक रोड, अंधेरी रेलवे स्टेशन, कांदिवली मथुरादास मार्ग, बोरीवली रेलवे स्टेशन, कुर्ला रेलवे स्टेशन क्षेत्र को फेरीवालों से मुक्त कराया गया है। अतिरिक्त मनपा आयुक्त (पश्चिमी उपनगर) डॉ. सुधाकर शिंदे के अनुसार अवैध फेरीवाले राहगीरों और परिवहन में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। इसे लेकर प्रशासन के पास शिकायतें आ रही थीं। व्यापक अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई। इस वक्त भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अनधिकृत फेरीवालों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।



