मुंबई (सं.भा.) मुंबई में हर साल मॉनसून आते ही जलभराव और ट्रैफिक जाम लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन जाता है। नालों की समय पर सफाई नहीं होने से कई इलाकों में पानी भर जाता है और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। इसी को देखते हुए अब प्रशासन पर दबाव बढ़ने लगा है। बारिश से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल खुद मैदान में उतर गए।
उत्तर मुंबई के सांसद और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर मुंबई के विभिन्न इलाकों में नाला सफाई कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डहाणूकरवाड़ी पुल के पास चल रहे नाला सफाई कार्य का जायजा लिया और बीएमसी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मॉनसून शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई का काम हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने नालों के किनारे हुए अतिक्रमण पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण मॉनसून के दौरान जलभराव की बड़ी वजह बनते हैं, इसलिए इनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। गोयल ने अधिकारियों से कहा कि नाला सफाई का काम युद्धस्तर पर होना चाहिए ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने उत्तर मुंबई में चल रहे विकास कार्यों और स्किल डिवेलपमेंट योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उत्तर मुंबई के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में स्किल डिवेलपमेंट सेंटर शुरू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने दहिसर चेक नाका, ठाकुर विलेज, शिंपोली रोड, चिंचोली बंदर और मालाड पश्चिम में प्रस्तावित स्किल सेंटरों के संभावित स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों का उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है।
निरीक्षण के दौरान मागाठाणे के विधायक प्रकाश सुर्वे, नगरसेवक बाला तावडे, भाजपा पदाधिकारी बाबा सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और बीएमसी अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तर मुंबई में नाला सफाई और विकास कार्यों का पीयूष गोयल ने किया निरीक्षण
RELATED ARTICLES


